कुचामन सिटी। शिक्षा नगरी की सामाजिक संस्था लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में स्वर्गीय अदनान रंगरेज की स्मृति में मोहम्मद अली रंगरेज के सौजन्य से राजकीय चिकित्सालय में सेवा कार्य करते हुए इमरजेंसी वार्ड के लिए एक वाटर डिस्पेंसर मशीन भेंट की गई।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा, लॉयन विष्णु मोयल, मोहम्मद शाकिर रंगरेज एवं वसीम रंगरेज सहित अन्य सदस्य चिकित्सालय पहुंचे और मशीन अस्पताल प्रशासन को सुपुर्द की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. चरण सिंह एवं डॉ. गौरव राजावत ने रंगरेज परिवार और लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से मरीजों, उनके परिजनों तथा चिकित्सा कर्मियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। क्लब की ओर से मोहम्मद शाकिर रंगरेज एवं वसीम रंगरेज का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया।
लॉयन राम काबरा ने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज की जरूरतमंद जगहों पर सेवा कार्य करना है। जहां भी आवश्यकता महसूस होती है, वहां क्लब के सदस्य मिलकर सहयोग के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
वहीं मोहम्मद शाकिर रंगरेज ने कहा कि स्वर्गीय अदनान रंगरेज की स्मृति में किया गया यह सेवा कार्य परिवार के लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना दिवंगत की स्मृतियों को जीवंत रखने का सबसे अच्छा माध्यम है तथा ऐसे कार्यों से आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है।

मोहम्मद अली रंगरेज ने कहा कि सेवा कार्यों में सहयोग करने से दिल को सुकून मिलता है और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्राप्त होता है।
इस दौरान नर्सिंग अधिकारी परमेश्वर, सुरेश, अर्जुन मूंडोतिया, नरेन्द्र, हंसराज, राजकुमार सहित अस्पताल स्टाफ एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि चिकित्सालय में स्थापित वाटर डिस्पेंसर से मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सा कर्मियों को ठंडे एवं गर्म पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
