नावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोलर प्लांटों से केबल चोरी करने वाली गैंग का खुलासा, दो बाल अपचारी निरुद्ध


डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में सोलर प्लांटों से लगातार हो रही केबल चोरी की वारदातों का नावां पुलिस ने खुलासा करते हुए नरेना (जयपुर) की एक गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस थाना नांवा शहर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भिजवाया है। वहीं वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।


जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गोविन्दी और राजास गांवों में स्थित सोलर प्लांटों पर अप्रैल और मई 2026 के दौरान सात जगहों पर केबल चोरी की घटनाएं हुई थीं। लगातार एक जैसी मॉडस ऑपरेंडी से हो रही वारदातों को पुलिस ने गंभीरता से लिया और विशेष टीम का गठन किया गया।


पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा और वृताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में नांवाशहर थानाधिकारी नन्दलाल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में नरेना (जयपुर) की केबल चोरी करने वाली गैंग का सुराग मिला, जिसके बाद दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया।


पुलिस ने बताया कि गैंग में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही चोरी किया गया सामान भी जल्द बरामद किया जाएगा।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने कहा कि जिले में चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। सोलर प्लांटों से केबल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी नन्दलाल, एएसआई जगराम, बजरंग लाल, बीरबल, हेड कांस्टेबल प्रियंक कुमार तथा कांस्टेबल संदीप, मनोज कुमार, शिवपाल, राजेन्द्र और सोहन शामिल रहे।

error: News 1 Rajasthan