टोल तोड़ कर भाग रही बोलेरो को जब पुलिस ने पीछा कर रुकवाया, तो ये हुआ खुलासा

डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस की सतर्कता ने एक संदिग्ध मामले का खुलासा किया, जहां गश्त के दौरान बोलेरो गाड़ी में बड़ी मात्रा में सोने जैसे लगने वाली संदिग्ध जेवरात मिलने से हड़कंप मच गया। खुनखुना थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बरामद सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

देवराठी टोल तोड़कर भाग रही थी बोलेरो, पीछा कर दबोचा

गश्त के दौरान खुनखुना पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध बोलेरो (RJ 21 UB 5386) देवराठी टोल को तोड़कर लोरोली की तरफ भाग रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम लोरोली के गुवाड़ में घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया। इस दौरान चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में पहले आरोपी ने गलत नाम बताया, लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने अपना नाम गोविन्दराम पुत्र शैतानराम, निवासी नायकों की बस्ती खुडी बताया। वाहन के कोई दस्तावेज नहीं होने पर बोलेरो को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 में जब्त कर लिया गया।

सीट के नीचे छिपे मिले संदिग्ध जेवरात

वाहन की तलाशी लेने पर सीट के नीचे पीले रंग की प्लास्टिक थैली में सोने जैसी धातु के कई आभूषण मिले। इनमें आड़, बोर, नथ, अंगूठियां, गले का हार, मोती, चांदी की अंगूठी, एक फैंसी शीशफूल और दो एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं।

जब इन जेवरातों के बारे में आरोपी से पूछा गया तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस को आशंका है कि ये आभूषण चोरी के हो सकते हैं।

कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी

पुलिस ने संदिग्ध जेवरातों को बीएनएसएस की धारा 106 में जब्त किया और आरोपी गोविन्द राम को धारा 126 व 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये जेवरात कहां से लाए गए।

एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। “किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन भी सतर्क रहें और संदिग्ध मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

थानाधिकारी RPS (प्रोबेशनर) गरिमा चौधरी ने कहा कि गश्त के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी के पास से मिले जेवरातों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: News 1 Rajasthan