कुचामन सिटी में श्याम ब्लड सेंटर में रक्त की कमी की सूचना सामने आते ही रविवार को बागड़ा कॉलोनी क्षेत्र में समाज ने इसे एक जिम्मेदारी के रूप में लिया और देखते ही देखते यह चिंता जनसेवा के बड़े अभियान में बदल गई। सर्व ब्राह्मण समाज, बागड़ा समाज आयोजकों और बालाजी मंदिर क्षेत्र के निवासियों की पहल पर बागड़ा कॉलोनी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मानवता की मिसाल पेश की।

शिविर में श्याम ब्लड सेंटर की टीम ने व्यवस्थित रूप से रक्त संग्रहण का कार्य किया। इस दौरान स्टाफ के रूप में मईनुद्दीन शेख के नेतृत्व में मुकेश कुमावत, धन्नाराम कुमावत, कमल चौधरी, रेणु कुमावत और दिनेश चौधरी की सेवाएं सराहनीय रहीं।।

स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस पुण्य कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। पूर्व भाजपा अध्यक्ष मूलचंद बागड़ा, अशोक बागड़ा, ओमप्रकाश बागड़ा, टेंपू बागड़ा और मनीष कौशिक सहित कई लोगों ने न केवल रक्तदान किया, बल्कि शिविर की व्यवस्थाओं में भी सहयोग दिया।
मनीष कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में मातृ शक्ति ने 22 यूनिट और युवाओं ने 15 यूनिट रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तो हर समस्या का समाधान संभव हो जाता है। आज का यह शिविर उसी एकता और जागरूकता का परिणाम है।

वहीं मूलचंद बागड़ा ने सभी सहयोगियों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कम समय में किया गया यह आयोजन जिस तरह सफल रहा, वह समाज की संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाता है। ऐसे प्रयास जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।
