कुचामन सिटी में सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत सुबह 8:30 बजे श्री श्याम मंदिर परिसर स्थित कुचामन गौशाला से होगी। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जन-जागरूकता का संदेश फैलाएगी। यात्रा का रूट श्री श्याम मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार, लॉयन सर्कल, अंबेडकर सर्किल, डीडवाना रोड स्थित अहिंसा सर्किल से होता हुआ उपखंड कार्यालय तक रहेगा, जहां उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

अभियान से जुड़े गौ प्रचारक रवि भार्गव ने बताया कि यह शोभायात्रा संतों के पावन सानिध्य में निकाली जाएगी, जिससे आयोजन को धार्मिक और आध्यात्मिक स्वरूप मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन को लेकर पूरे कुचामन क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का मूल उद्देश्य देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण रोक, गौ माता की सेवा, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही लोगों में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

आयोजन की तैयारियों में कई सामाजिक और धार्मिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इनमें श्री सुदर्शन दास जी महाराज (हिरानी गौशाला), सुनील कुमार माथुर, गोविंद सोनी, कमल कुमार पारीक, राम काबरा, शिव कुमार अग्रवाल, विमल लखन, नंद किशोर बिरला, आरती सर्वा और डॉ. प्रकाश कुमार टेलर सहित कई लोग प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
