कुचामन में राजस्थान के वकीलों की सर्वोच्च संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुए। भीषण गर्मी के बावजूद अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रही। मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद सिंह लिचाणा से मिली जानकारी के अनुसार, कुचामन बार संघ के कुल 144 मतदाताओं में से 115 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुछ अधिवक्ता आवश्यक कार्यों के चलते शहर से बाहर होने के कारण मतदान नहीं कर सके।

बार संघ अध्यक्ष दिनेश सिंह राठौड़ बरवाली ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2018 में चुनाव हुए थे और करीब 8 साल बाद यह चुनाव आयोजित किए गए हैं। इस बार 23 सदस्यीय बार काउंसिल के लिए प्रदेशभर में 234 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदान के दौरान उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा ऑब्जर्वर के रूप में मौजूद रहे, वहीं कुचामन थानाधिकारी सतपाल सिंह अपनी टीम के साथ तैनात रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

वरिष्ठ अधिवक्ता ओम प्रकाश पारीक ने बताया कि तेज गर्मी के बावजूद वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी मतदान में भाग लिया। भंवरा राम ल्योरा, पूर्व बार संघ अध्यक्ष हरदेव सिंह कलवानिया, बन्नाराम चौधरी, शैतान सिंह गुर्जर, महेंद्र कुमार पारीक, राजेंद्र प्रसाद खरीट, प्रेम सिंह बीका, कृष्णगोपाल मोदी और पुष्पेंद्र सिंह सहित कई अधिवक्ताओं ने मतदान किया।
सांस्कृतिक सचिव सुनीता सैनी ने बताया कि इस बार महिलाओं के लिए 5 सीटें आरक्षित होने के कारण महिला अधिवक्ताओं में भी उत्साह देखा गया और उनका मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत अधिक रहा।

इसके अलावा रतनलाल प्रधान, विजेंद्र बुगालिया, राजेंद्र कुमावत, मुकेश घंसवा, बोदूराम बुरड़क, रमेश चौधरी, मयूर सैन, अनिल कुमावत, मुरलीधर जोशी, प्रीतम स्वामी, अमन सर्वा और अवतार सिंह सहित कई अधिवक्ता पूरे दिन न्यायालय परिसर में मौजूद रहे।
