तृतीय चरण के मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण,

सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

डीडवाना-कुचामन, पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी के तहत सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने नावां क्षेत्र के पांचोता, मीठड़ी और लूणवा गांवों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मंगलवार को होने वाले मतदान की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने कहा कि पंचायती राज चुनाव लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी मतदाता को मतदान के दौरान परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने आमजन से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया जाएगा तथा असामाजिक तत्वों और चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, रैंप, बिजली, पेयजल, छाया तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्रभारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान नावां उपखंड अधिकारी हुकमीचंद रोलानिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan