कुचामन सिटी। नगर परिषद के वार्ड संख्या 28 को स्वच्छ एवं आदर्श वार्ड बनाने के मकसद से वार्ड पार्षद मधु जांगिड़ और उनके पति एवं पूर्व पार्षद सुरेश जांगिड़ ने संयुक्त रूप से जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत दोनों वार्ड के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर घरों और प्रतिष्ठानों में लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं तथा उन्हें स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

अभियान के दौरान पार्षद मधु जांगिड़ और पूर्व पार्षद सुरेश जांगिड़ वार्डवासियों से अपील कर रहे हैं कि वे घरों का कचरा सड़कों, गलियों और घरों के बाहर खुले में नहीं डालें। नगर परिषद का कचरा संग्रहण वाहन आने पर कचरा उसी में डालें। यदि किसी कारणवश कचरा संग्रहण वाहन नहीं पहुंचता है तो नगर परिषद की ओर से निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें, ताकि वार्ड में गंदगी नहीं फैले और आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहे।
पूर्व पार्षद सुरेश जांगिड़ ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वार्ड के प्रत्येक नागरिक को अपने क्षेत्र की स्वच्छता और विकास के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। वे लोगों को समझा रहे हैं कि वार्ड को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में नगर परिषद के साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वार्ड में किसी भी नागरिक को नगर परिषद से संबंधित सफाई, पानी, बिजली अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या हो तो वह इसकी जानकारी वार्ड पार्षद मधु जांगिड़ या उन्हें दे सकता है, ताकि संबंधित समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा सकें।

अभियान के दौरान लोगों को बिजली और पानी की बचत के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। अनावश्यक रूप से बिजली के उपकरण चालू नहीं रखने, पानी को व्यर्थ नहीं बहाने और उपलब्ध संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की जा रही है। उनका कहना है कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर भी वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
वार्डवासियों ने दिया सहयोग का भरोसा
पार्षद और पूर्व पार्षद की ओर से चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान को लेकर वार्डवासियों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। लोगों का कहना है कि वार्ड को आदर्श बनाने के लिए वे भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे।

वार्डवासियों ने सामूहिक प्रयासों से वार्ड संख्या 28 को ऐसा स्वरूप देने की बात कही, जो शहर के अन्य वार्डों के लिए भी एक उदाहरण बन सके।
सभापति ने की अभियान की सराहना
नगर परिषद सभापति महेश रामचंद्रका ने भी वार्ड संख्या 28 में चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और शहर के विकास के लिए जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड में इसी तरह घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाएं तो पूरे शहर को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने की दिशा में बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। उन्होंने वार्ड पार्षद मधु जांगिड़ और पूर्व पार्षद सुरेश जांगिड़ के इस प्रयास को जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक पहल बताया।
