पालोट में स्वीप अभियान के तहत निकली मतदाता जागरूकता रैली, शत-प्रतिशत मतदान का दिलाया संकल्प



डीडवाना। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पालोट में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत रैली, मतदाता संवाद एवं मतदान शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी डीडवाना राजवीर सिंह यादव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी माणकचंद, वरिष्ठ सहायक गणेशाराम, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) मोहन राम चाहर एवं कनिष्ठ सहायक (LDC) हुशियार सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए विशेष रूप से 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ और ‘कोई मतदाता नहीं छूटे’ जैसे संदेशों के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने का आह्वान किया गया।


अधिकारियों एवं कार्मिकों ने वोटर हेल्पलाइन एप के उपयोग, मतदाता सूची में नाम की जांच तथा मतदान संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया। कार्यक्रम में महिलाओं की मतदान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
ग्रामीणों को बताया गया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। सभी मतदाताओं से बिना किसी दबाव, भय अथवा प्रलोभन के निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई।


कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों को शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने, स्वयं मतदान करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।

error: News 1 Rajasthan