डीडवाना : “मेरा वोट, मेरा अधिकार” के संदेश के साथ मावा में निकली जागरूकता रैली, शत-प्रतिशत मतदान का लिया संकल्प

मावा में स्वीप अभियान: शत-प्रतिशत मतदान के लिए ग्रामीणों ने भरी हुंकार, नए मतदाताओं को जोड़ने पर जोर


डीडवाना।। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मावा में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत रैली, मतदाता संवाद एवं मतदान शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी डीडवाना राजवीर सिंह यादव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।


कार्यक्रम में विकास अधिकारी खुमाराम सारण ने विशेष रूप से 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदाताओं को ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ और ‘कोई मतदाता नहीं छूटे’ का संदेश देते हुए मतदान प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम एवं मतदान संबंधी जानकारी प्राप्त करने के बारे में बताया गया।


अभियान के दौरान महिलाओं की मतदान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का उपयोग करने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि प्रत्येक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और चुनाव प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

error: News 1 Rajasthan