नावां पंचायत समिति के वार्ड 19 से भाजपा प्रत्याशी हीराराम बाजिया का निधन , चुनाव प्रक्रिया रहेगी जारी

डीडवाना-कुचामन। डीडवाना-कुचामन जिले की नावां पंचायत समिति के महाराजपुरा वार्ड संख्या 19 से भाजपा प्रत्याशी हीराराम बाजिया के शनिवार को आकस्मिक निधन से बीजापुरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। शनिवार, 24 अक्टूबर को खेत में कृषि कार्य करते समय हुए हादसे में 57 वर्षीय हीराराम बाजिया की जान चली गई। वह शुक्रवार को ही पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर चुनाव मैदान में उतरे थे। उनके निधन के बाद अब इस वार्ड के चुनाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड 19 में नामांकन के दौरान कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। हीराराम बाजिया के निधन के बाद अब 10 प्रत्याशी शेष हैं। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की स्थिति महत्वपूर्ण हो गई है।

कृषि कार्य के दौरान हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजापुरा निवासी हीराराम पुत्र सुजाराम शनिवार को अपने खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली में कड़बी के पूले भर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए। हादसे के बाद परिजन और आसपास मौजूद लोग उन्हें तत्काल मारोठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलने पर मारोठ थाना अधिकारी रतन सिंह, एएसआई सुरेश कुमार मीणा तथा पुलिसकर्मी पवन कुमार और नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई मानाराम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पंचनामा तैयार करवाया। आवश्यक मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

महाराजपुरा वार्ड-19 में क्या है चुनावी समीकरण

हीराराम बाजिया ने शुक्रवार को नावां पंचायत समिति के महाराजपुरा वार्ड संख्या 19 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। इस वार्ड में उनका मुकाबला पूर्व कांग्रेस विधायक एवं पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र सिंह चौधरी की पुत्री डॉ. कनुप्रिया और पूर्व प्रधान बनवारी देवी की पुत्रवधू प्रकाशी सहित 8 अन्य प्रत्याशियों से था।
वार्ड में नामांकन के दौरान कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। हीराराम के निधन के बाद अब 10 प्रत्याशी शेष हैं। उनके निधन से समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है।

जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा और ADM लाखन सिंह गुर्जर ने चुनाव को लेकर ये कहा?

जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा और ADM लाखन सिंह गुर्जर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, वार्ड में एक से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में होने पर चुनाव निरस्त नहीं होगा और चुनाव प्रक्रिया जारी रहेगी।

राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 73 में भी प्रावधान है कि मतदान शुरू होने से पहले किसी चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी की मृत्यु होने मात्र से मतदान निरस्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, यदि उसकी मृत्यु के बाद उस सीट पर केवल एक ही प्रत्याशी शेष रह जाता है, तो रिटर्निंग अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान निरस्त कर सकता है।

error: News 1 Rajasthan