लाडनूं में श्री दशहरा मेला समिति ने शॉल एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर किया अभिनंदन
लाडनूं, । श्री दशहरा मेला समिति, लाडनूं के तत्वावधान में आयोजित दशहरा मेले के भव्य मंच पर नगर के वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार एवं मंच संयोजक डॉ. वीरेंद्र भाटी मंगल का सम्मान किया गया। डॉ. मंगल पिछले 31 वर्षों से लगातार दशहरा मेले का मंच संयोजन करते आ रहे हैं। उनकी इस दीर्घकालीन साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं मंचीय सेवा के लिए समिति की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्रीय विधायक मुकेश भाकर, पुलिस उपाधीक्षक जितेन्द्र सिंह चारण, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नौशाद अली सिसोदिया सहित दशहरा मेला समिति के पदाधिकारियों ने डॉ. मंगल को शॉल एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।समिति के सचिव सुशील पीपलवा ने बताया कि डॉ. वीरेंद्र भाटी मंगल द्वारा पिछले 31 वर्षों से निरंतर दशहरा मेले का मंच संयोजन करना लाडनूं और आसपास के क्षेत्र के लिए एक विशिष्ट उपलब्धि है। किसी संस्था द्वारा आयोजित सांस्कृतिक मेले में इतने लंबे समय तक लगातार मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाना उनके समर्पण, अनुभव, कार्यकुशलता और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. मंगल का योगदान न केवल दशहरा मेले की गौरवशाली परंपरा को सुदृढ़ करता है, बल्कि नगर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई पहचान प्रदान करता है। उनका सम्मान वर्षों से निरंतर की जा रही सांस्कृतिक सेवा, समर्पण और साहित्यिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
