नावां। नावां नगर पालिका में अध्यक्ष पद के बाद अब उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। मंगलवार को हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अवधेश पारीक ने 16 मत हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी देवीलाल कुमावत को 8 वोट मिले, जबकि एक पार्षद ने मतदान नहीं किया।
इससे एक दिन पहले सोमवार को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की कविता कुमावत 16 वोट हासिल कर पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। इस तरह नावां नगर पालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद कांग्रेस के खाते में गए हैं।

महेंद्र चौधरी बोले: जनता का प्यार और विश्वास मिला
नावां में कांग्रेस की जीत के बाद पूर्व उप मुख्य सचेतक एवं पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी ने इसे जनता के विश्वास और प्यार की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समर्थन जनता के प्यार और कार्यकर्ताओं की मेहनत से मिला है। उनके अनुसार बोर्ड का गठन किसी तरह के छल-कपट या सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आधार पर नहीं हुआ है।
चौधरी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस के पक्ष में अपना भरोसा जताया, जिसके चलते पार्टी को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर सफलता मिली।

बयान से कुचामन के घटनाक्रम पर भी उठे सवाल
महेंद्र चौधरी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले कुचामन नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ खान ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। आरिफ खान ने चुनाव के बाद विरोध जताते हुए भाजपा पर दादागिरी के आरोप भी लगाए थे।
ऐसे में नावां की जीत को लेकर चौधरी द्वारा बिना सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और बगैर छल-कपट का उल्लेख किए जाने को कुचामन के हालिया घटनाक्रम के संदर्भ से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस के मूल आंकड़े से बढ़ा समर्थन
25 सदस्यीय नावां नगर पालिका में चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस के 10, भाजपा के 7 और निर्दलीय 8 पार्षद निर्वाचित हुए थे। इसके बावजूद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को 16-16 वोट मिले।
इससे स्पष्ट है कि दोनों चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को पार्टी के निर्वाचित पार्षदों की संख्या से अधिक समर्थन मिला। वहीं उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 8 मत प्राप्त हुए और एक पार्षद ने मतदान नहीं किया।

कविता और अवधेश को बधाई
महेंद्र चौधरी ने कविता कुमावत के अध्यक्ष और अवधेश पारीक के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह जनता के विश्वास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। उन्होंने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
