कुचामन सिटी, आगामी नगर निकाय चुनाव में डीडवाना – कुचामन जिले के सभी आठ निकायों में जीत का लक्ष्य लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा नागौर देहात जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी (रांदड़) ने नगर निकाय चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी आठ नगरीय निकायों के लिए अलग-अलग निकाय समन्वयकों की नियुक्ति की है। पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और चुनावी तैयारियों के बेहतर समन्वय के लिए अनुभवी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा की ओर से नियुक्त निकाय समन्वयक अपने-अपने क्षेत्र में संगठनात्मक समन्वय, चुनावी तैयारियों, कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन, टिकट के दावेदारों एवं संबंधित वर्गों के साथ संवाद तथा चुनावी गतिविधियों की नियमित समीक्षा करेंगे। साथ ही चुनाव से जुड़ी आवश्यक जानकारी जिला संगठन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी इन समन्वयकों की रहेगी।

हर निकाय के लिए अलग समन्वयक
भाजपा ने डीडवाना नगर परिषद के लिए नारायण सिंह मींडकिया और आत्म प्रकाश सैन, खाटू खुर्द के लिए सुनील चौधरी और नरेंद्र जयपाल, मकराना नगर परिषद के लिए प्रकाश भाकर और नवनील गौड़, बोरावड़ के लिए सुरेंद्र कांसेड़ा और सुखाराम डोडवाडिया, कुचामन नगर परिषद के लिए विजय सिंह पलाड़ा और पुखराज खटीक, नावां के लिए किशन भीचर और मनीष ओझा, लाडनूं के लिए राम सिंह बेगसर और अमिता भींचर तथा परबतसर के लिए रक्षेन्द्र ओझा और ममता कंवर को निकाय समन्वयक की जिम्मेदारी दी है।

पार्टी ने समन्वयकों के रूप में जिला उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला मंत्री, मोर्चा पदाधिकारी, जिला प्रवक्ता और अन्य अनुभवी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देकर चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया है।
‘जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार पार्टी की पहली प्राथमिकता’
कुचामन नगर परिषद के लिए नियुक्त समन्वयक भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा ने कहा कि पार्टी की पहली प्राथमिकता जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार है। टिकटार्थियों के चयन में केवल चुनाव जीतने की क्षमता ही नहीं, बल्कि पार्टी के साथ उनका जुड़ाव, संगठन के प्रति समर्पण और लंबे समय से की जा रही सक्रियता को भी महत्वपूर्ण पैमाने के तौर पर देखा जाएगा।

पलाड़ा ने कहा कि भाजपा ने डीडवाना-कुचामन जिले के सभी आठ निकायों में जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए संगठन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है और प्रत्येक निकाय में संगठनात्मक स्तर पर चुनावी रणनीति को मजबूत किया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियां भी होंगी चुनावी मुद्दा
विजय सिंह पलाड़ा ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली प्रदेश भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को भी जनता के बीच ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि कुचामन सिटी सहित डीडवाना-कुचामन जिले के सभी आठ नगरीय निकायों में भाजपा बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

संगठन ने दिया एकजुटता और सक्रियता का संदेश
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी ने सभी नवनियुक्त निकाय समन्वयकों से संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप पूर्ण निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया है। समन्वयकों की नियुक्ति को आगामी निकाय चुनाव में भाजपा की संगठनात्मक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
