निकाय चुनाव 2026 : डीडवाना-कुचामन में चुनावी बिगुल, 9 और 11 सितंबर को मतदान; 2.87 लाख मतदाता करेंगे मतदान



डीडवाना-कुचामन, राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित होते ही डीडवाना-कुचामन जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के चुनाव वाले सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।


दो चरणों में होगा मतदान


जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अवधेश मीणा ने बताया कि डीडवाना-कुचामन जिले के 8 नगरीय निकायों में चुनाव दो चरणों में होंगे।
पहले चरण में 9 सितंबर 2026 को नगर परिषद डीडवाना, नगर परिषद कुचामन सिटी तथा नगरपालिका लाडनूं और बोरावड़ में मतदान होगा। वहीं दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026 को नगर परिषद मकराना तथा नगरपालिका छोटी खाटू/खाटू खुर्द, परबतसर और नावां में मतदान कराया जाएगा।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिले के आठों निकायों में 300 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।


2.87 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट


जिले के 8 नगरीय निकायों में कुल 2,87,521 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,47,391 पुरुष, 1,40,124 महिला और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।


27 अगस्त से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया


राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सदस्य पदों के लिए 27 अगस्त को लोक सूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 4 सितंबर को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद पहले चरण के लिए 9 सितंबर और दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की तारीखें भी तय


नगर निकायों के अध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी। 16 सितंबर को नामांकन, 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी। इसी दिन नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।
वहीं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया 22 सितंबर को होगी। सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी, 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।


जिला कलक्टर कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम


चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने जिला कलक्टर कार्यालय में बहुउद्देशीय नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया है। यह कंट्रोल रूम आगामी आदेशों तक 24 घंटे और सातों दिन लगातार सक्रिय रहेगा। आमजन और चुनाव से जुड़े अधिकारियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01580-221865 जारी किया गया है।
कंट्रोल रूम के जरिए चुनाव से संबंधित सूचनाओं, शिकायतों और आवश्यक समन्वय पर निगरानी रखी जाएगी।


आचार संहिता की पालना पर प्रशासन की पैनी नजर


जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी सजगता के साथ काम करेगा। इसी सिलसिले में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी गई है।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

error: News 1 Rajasthan