कुचामन सिटी। लंबे समय से कुचामन से जयपुर के लिए सुबह जल्दी रोडवेज बस शुरू होने का इंतजार कर रहे यात्रियों को अब राहत मिली है। विद्याधर नगर आगार की नई बस सेवा कुचामन से जयपुर वाया जोबनेर शुरू की गई है।

डीडवाना डिपो के प्रबंधक (यातायात) सुजल महर्षि ने बताया कि बस सुबह 6:20 बजे कुचामन से रवाना होकर नावा बाईपास, सांभर और जोबनेर होते हुए सुबह 9:15 बजे जयपुर पहुंचेगी। बस सुबह 7 बजे नावा बाईपास, 7:50 बजे सांभर और 8:20 बजे जोबनेर पहुंचेगी। वहीं जयपुर से यह बस शाम 6 बजे रवाना होकर शाम 7:45 बजे सांभर, रात 8:35 बजे नावा और रात 9:30 बजे कुचामन पहुंचेगी।

सुबह जल्दी जयपुर जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों के लिए यह नई बस सेवा बड़ी सुविधा साबित होगी। लंबे समय से उठ रही सुबह की बस की मांग पूरी होने से यात्रियों में खुशी है।
