राज्यपाल के दौरे से शुरू होगी गुलाम नबी आजाद के एक लाख पौधे लगाने के संकल्प की शुरुआत
16 अगस्त को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत खेल स्टेडियम में होगा पौधरोपण, राज्यपाल बागड़े देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डीडवाना, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े आगामी 16 अगस्त को डीडवाना दौरे पर रहेंगे। राज्यपाल के दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी दौरे के दौरान गुलाम नबी आजाद के एक लाख पौधे लगाने के संकल्प को धरातल पर उतारने की शुरुआत भी होगी। इसके लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राजकीय खेल स्टेडियम में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े 16 अगस्त को हेलीकॉप्टर से जयपुर से रवाना होकर सुबह 9:20 बजे डीडवाना हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचकर सुबह 9:45 बजे जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे।
इसके बाद राज्यपाल हॉस्पिटल चौराहा पहुंचेंगे, जहां सुबह 11 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा के आवास पर भोजन करेंगे।

इसके पश्चात राज्यपाल दोपहर 1:10 बजे राजकीय खेल स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां गुलाम नबी आजाद की अगुवाई में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। गुलाम नबी आजाद ने बताया कि इसी कार्यक्रम के साथ उनके द्वारा एक लाख पौधे लगाने के लिए लिए गए संकल्प को पूरा करने की शुरुआत होगी। राज्यपाल स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश देंगे। अभियान के माध्यम से लोगों को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

दौरे की तैयारियों को लेकर भाजपा नेताओं ने की चर्चा
राज्यपाल के दौरे एवं पौधरोपण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा और गुलाम नबी आजाद ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान मनीष ओझा, तस्लीम आरिफ सहित भाजपा के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि राज्यपाल का डीडवाना दौरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।

गुलाम नबी आजाद ने कहा कि एक लाख पौधे लगाने का संकल्प पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। 16 अगस्त को राज्यपाल की मौजूदगी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत इस संकल्प की शुरुआत की जाएगी और इसे जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
