कुचामन में  पशुओं की समस्या पर प्रशासन की नई पहल, SDM बोले—‘आमजन के सहयोग के बिना समाधान संभव नहीं’

सड़कों और बाजारों में गोवंश को चारा डालने से बढ़ रही समस्या, SDM सुरेंद्र चौधरी ने गौशाला में चारा डालने की अपील की

कुचामन सिटी। शहर की सड़कों, बाजारों और आबादी क्षेत्रों में विचरण करने वाले लावारिस गोवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू की है। उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया, गौशाला संचालकों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर गोवंश को गौशालाओं की क्षमता के अनुरूप वहां पहुंचाने तथा नंदियों के बंध्याकरण के माध्यम से समस्या को नियंत्रित करने पर सहमति बनाई है।

SDM सुरेंद्र चौधरी ने शहरवासियों से अपील की है कि गली, बाजार या मंदिर के आसपास गाय अथवा नंदी को चारा नहीं डालें। उन्होंने कहा कि गोवंश के प्रति लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए चारा गौशाला में ही डालने की व्यवस्था की जाए, ताकि गोवंश आबादी क्षेत्र में एकत्रित होकर यातायात और आमजन के लिए परेशानी का कारण न बने।

‘गोसेवा जरूर करें, लेकिन सही जगह पर’

SDM ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के घर या प्रतिष्ठान से गौशाला दूर है और वहां चारा पहुंचाना संभव नहीं है, तो चारा बेचने वाले को भुगतान कर गौशाला में चारा डलवाया जा सकता है। उनका कहना है कि शहर में गोवंश को नियमित रूप से चारा मिलता रहेगा तो पशुओं का शहर में विचरण भी जारी रहेगा।

आयुक्त शिकेश कांकरिया ने भी सहयोग की अपील की

नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने भी शहरवासियों से प्रशासन की इस पहल में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का प्रयास है कि गौशाला संचालकों और पशुपालन विभाग के समन्वय से क्षमता के अनुसार गोवंश को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाए और नंदियों के बंध्याकरण सहित अन्य आवश्यक उपाय किए जाएं।

आमजन के सहयोग से ही होगा समाधान

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सिर्फ नगर परिषद या प्रशासन के प्रयासों से लावारिस पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। जब तक शहरवासी सड़कों, बाजारों और मंदिरों के आसपास गोवंश को चारा डालते रहेंगे, तब तक पशुओं का आबादी क्षेत्र में जमावड़ा बना रहेगा।

ऐसे में कुचामन को गोवंश से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका से मुक्त करने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ आमजन की जिम्मेदारी और सहयोग भी बेहद जरूरी है।

error: News 1 Rajasthan