भाजपा सरकार पर महेंद्र चौधरी का हमला, बोले- कांग्रेस के कामों का उद्घाटन-नामकरण कर उपलब्धियां गिना रही भाजपा,नावां-कुचामन के दौरे पर पूर्व उप मुख्य सचेतक ने सरकार को घेरा, बढ़ते अपराध और जनसमस्याओं को लेकर भी उठाए सवाल

कुचामन सिटी, पूर्व उप मुख्य सचेतक एवं नावां के पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान नावां-कुचामन क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उद्घाटन और नामकरण कर भाजपा सरकार उन्हें अपनी उपलब्धियां बताने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता विकास कार्यों की वास्तविकता से परिचित है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।


चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय किसान, छात्र, गरीब और आमजन के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई थीं, जिनका लोगों को लाभ मिल रहा था। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने कई योजनाओं को बंद कर दिया या उनके नाम बदल दिए। उन्होंने भाजपा सरकार से आमजन से जुड़ी योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की मांग की।


बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर सवाल


महेंद्र चौधरी ने नावां-कुचामन क्षेत्र में बढ़ती अपराध की घटनाओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं और आमजन में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार को कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके।


किसानों से किया संवाद, सुनी समस्याएं


महेंद्र चौधरी ने नावां-कुचामन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात कर खेती-किसानी की स्थिति का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। चौधरी ने किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा की तथा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।


सामाजिक कार्यक्रमों और शोक सभाओं में हुए शामिल


दौरे के दौरान चौधरी विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए और लोगों के बीच पहुंचकर सुख-दुःख साझा किया। उन्होंने शोक सभाओं में पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की।


गिरधारी महला ने भी सरकार पर साधा निशाना


महेंद्र चौधरी के आईटी सेल कोऑर्डिनेटर गिरधारी महला ने भी प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए साइबर अपराध सहित विभिन्न प्रकार के अपराधों के बढ़ते ग्राफ पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपराध पर प्रभावी रोक लगाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने सरकार से साइबर अपराध और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

error: News 1 Rajasthan