परेवड़ी को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण,राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया उद्घाटन, 1.26 करोड़ की लागत से बना PHC भवन, 38 लाख रुपए से बनेगा आधुनिक पशु चिकित्सालय

परेवड़ी को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया उद्घाटन, 

भामाशाह परिवार ने पशु चिकित्सालय के लिए सवा बीघा भूमि दान की

1.26 करोड़ की लागत से बना PHC भवन, 38 लाख रुपए से बनेगा आधुनिक पशु चिकित्सालय

परेवड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण, पशु चिकित्सालय के लिए भामाशाह ने सवा बीघा भूमि की दान

 डीडवाना-कुचामन जिले की ग्राम पंचायत परेवड़ी के ग्रामीणों को शनिवार को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली। ग्राम पंचायत परेवड़ी में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का लोकार्पण राजस्व राज्य मंत्री एवं नावां विधायक विजय सिंह चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत चावंडिया-परेवड़ी क्षेत्र में पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का भी सामूहिक लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी का ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जबकि बालिकाओं ने तिलक लगाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रशासक राजकुमार सोनी सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी तथा भूमि दानदाता भामाशाह राजेश कुमार अग्रवाल का माला पहनाकर एवं साफा बंधवाकर सम्मान किया। वहीं राजेश कुमार अग्रवाल की धर्मपत्नी पवन अग्रवाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी—चौधरी

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से परेवड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अब ग्रामीणों को सामान्य उपचार, स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक चिकित्सा के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांवों तक मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा उपलब्ध होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसका सीधा लाभ आमजन को मिलेगा।

2047 के विजन के साथ विकास के रास्ते पर देश—राज्यमंत्री

राज्य मंत्री चौधरी ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ वर्ष 2047 के विजन पर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ गांव-गांव और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया और कहा कि विकास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से भी गति पकड़ता है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में ग्रामीणों से पौधरोपण की अपील

चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे को पेड़ बनने तक उसकी जिम्मेदारी भी हमें निभानी होगी। सामूहिक प्रयासों से राजस्थान को अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें, ताकि आने वाले समय में राजस्थान ‘हरियालो राजस्थान’ के रूप में अग्रणी दिखाई दे।

भामाशाह परिवार की पहल की राज्य मंत्री ने की सराहना

समारोह में भूमि दानदाता राजेश कुमार अग्रवाल पुत्र जगदीश प्रसाद अग्रवाल के योगदान की विशेष रूप से सराहना की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए परिवार की ओर से करीब साढ़े तीन बीघा भूमि दान की गई थी, जिस पर स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण संभव हो सका।

राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने भामाशाह परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज और क्षेत्र के विकास में भामाशाहों का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। राजेश कुमार अग्रवाल परिवार ने अपनी भूमि जनहित के लिए देकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।

पशु चिकित्सालय के लिए भी सवा बीघा भूमि दान की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान भामाशाह परिवार की ओर से एक और बड़ी घोषणा की गई। जगदीश प्रसाद अग्रवाल ने पशु चिकित्सा अस्पताल (वेटनरी हॉस्पिटल) के निर्माण के लिए सवा बीघा भूमि दान करने की घोषणा की।

इस घोषणा का ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया और अग्रवाल परिवार के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि पशु चिकित्सालय बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी और पशुओं के उपचार के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा।

38 लाख की लागत से बनेगा पशु चिकित्सालय

जानकारी के अनुसार पशु चिकित्सालय का निर्माण करीब डेढ़ बीघा भूमि के क्षेत्रफल में 38 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके लिए भामाशाह परिवार की ओर से भूमि उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की गई है। पशु चिकित्सालय के निर्माण से परेवड़ी और आसपास के गांवों के पशुपालकों को पशुओं के उपचार एवं पशु चिकित्सा संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए दान की गई करीब साढ़े तीन बीघा भूमि पर चारदीवारी सहित नए भवन का निर्माण 1.26 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है। PHC के शुरू होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भूमि दानदाता राजेश कुमार अग्रवाल पुत्र जगदीश प्रसाद अग्रवाल, कुचामन भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह चावंडिया, कुचामन ग्रामीण उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक अनिल सिंह शेखावत, शिव ग्राम पंचायत प्रशासक लालाराम अण्दा, ओमप्रकाश सुंडा, ग्राम विकास अधिकारी मेघराज चौधरी, ग्राम पंचायत प्रशासक राजकुमार सोनी, चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीलम चौधरी, ठेकेदार चेनाराम कुमावत चावंडिया, जिला परिषद सदस्य शंकर सिंह, मुकेश कुमार, टीकमचंद, डॉ. नरेश चौधरी, पूर्व प्रधान गोरधन मिश्रा, पंचायत समिति सदस्य श्यामलाल, पुसालाल, रामनिवास बावरी, ओंकारमल कड़वा, पीएसओ शंभूदयाल रुलानिया एवं अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan