कुचामन वैली में ‘एक पेड़ मां के नाम’ की बड़ी पहल, एक साथ लगाए गए 5 हजार पौधे,राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया सघन वृक्षारोपण का शुभारंभ, बोले—पौधे लगाना ही नहीं, पेड़ बनने तक सुरक्षा और परवरिश भी जरूरी, रखी महर्षि गौतम मंदिर निर्माण की आधारशिला

कुचामन सिटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी स्थित कुचामन वैली में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल की गई। कुचामन वैली परिवार एवं लायन्स क्लब कुचामन सिटी के तत्वावधान में प्रेमचन्द मोहनलाल चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का प्रदेश सरकार के राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान एक साथ 5 हजार पौधे लगाए गए, जो कुचामन क्षेत्र में बड़े सामूहिक वृक्षारोपण अभियान के रूप में सामने आया।

कार्यक्रम में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान कुचामन उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी, तहसीलदार रामेश्वरलाल गढ़वाल, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया, थानाधिकारी राजेंद्र खदाव,  लायन्स क्लब के पूर्व प्रान्तपाल एवं समाजसेवी श्यामसुन्दर मंत्री, लायन्स क्लब अध्यक्ष डॉ. वी.के. गुप्ता, कुचामन वैली के डायरेक्टर, समाजसेवी राजकुमार माथुर, दिनेश माथुर सहित प्रबुद्धजन रहे।

5 हजार पौधे लगाने पर मंत्री ने की प्रशंसा, संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार प्रदेश को हराभरा बनाने की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में इस वर्ष प्रदेश में 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कुचामन वैली में एक साथ 5 हजार पौधे लगाए जाने की पहल की सराहना करते हुए आयोजकों और सहभागी संस्थाओं का आभार जताया। मंत्री ने कहा कि पेड़ लगाना अच्छी बात है, लेकिन पौधा लगाने के बाद उसकी सुरक्षा, सिंचाई और परवरिश करना उससे भी अधिक जरूरी है। जब तक लगाया गया पौधा पेड़ नहीं बन जाता, तब तक उसकी जिम्मेदारी समाज को निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें भागीदारी आवश्यक है। युवाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन को आगे आकर अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए तथा उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

महर्षि गौतम मंदिर निर्माण की आधारशिला भी रखी

पौधरोपण कार्यक्रम के साथ कुचामन सिटी में महर्षि गौतम मंदिर निर्माण की आधारशिला भी राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने रखी। आधारशिला कार्यक्रम में समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का निर्माण समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से जोड़ने का कार्य करता है तथा ऐसे संस्थान सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं।

कुचामन उपखंड में 3.17 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

कुचामन उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि कुचामन उपखंड क्षेत्र में 3 लाख 17 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन, सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता से पौधरोपण अभियान को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कुचामन उपखंड जल्द ही निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लेगा। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना भी प्रशासन एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

‘वृक्षारोपण धरती माता का श्रृंगार’—राजकुमार माथुर

कुचामन वैली के डायरेक्टर और  समाजसेवी राजकुमार माथुर ने कहा कि “वृक्षारोपण धरती माता का श्रृंगार है।” उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय असंतुलन के दौर में पौधरोपण बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षण देने की अपील की। साथ ही उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को भी जनअभियान बनाने का आह्वान किया।

लायन्स क्लब ने मंत्री को तिरंगा भेंट कर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान लायन्स क्लब कुचामन सिटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की ओर से राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी को तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं लायन्स के पूर्व प्रान्तपाल एवं समाजसेवी श्यामसुन्दर मंत्री ने लायन राजकुमार माथुर को मल्टीपल काउंसिल की पिन से सम्मानित किया। कार्यक्रम में अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर  अरशद अख्तर कुरेशी,  मनोज जोशी, विनोद गौड़, हेमंत जोशी, कुचामन विकास समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश काबरा, प्रकाश टेलर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष  राजेश गुर्जर, राजश्री खांडल, लायन संजय रांवका, लायन मनीष बंसल, लायन नरेन्द्र शर्मा, लायन बाबूलाल मांधनिया, लायन सुभाष रांवका, लायन हेमराज पारीक, लायन मनोहर पारीक, लायन के.जी. मोदी, लायन श्यामसुन्दर खोखरिया, लायन नरेश जैन, लायन विकास कुमावत और लायन मुकेश डालूका सहित कुचामन वैली परिवार के रहवासी, जीव दया सेवा समिति, कुचामन विकास समिति, विप्र समाज के सदस्य, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan