फरड़ोद में राज्य स्तरीय जूनियर फुटबॉल चैंपियनशिप का आगाज, 30 जिलों की टीमें दिखा रहीं दमखम ,नागौर जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष चेतन डूडी ने किक मारकर किया शुभारंभ, फुटबॉल लीजेंड मास्टर अनवर अली का हुआ सम्मान


जायल राजस्थान फुटबॉल संघ के मार्गदर्शन एवं नागौर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को जायल उपखंड के फरड़ोद में राजस्थान राज्य स्तरीय जूनियर बालक फुटबॉल चैंपियनशिप का शानदार आगाज हुआ। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता 10 अगस्त तक चलेगी। प्रतियोगिता में राजस्थान के करीब 30 जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।


अध्यक्ष चेतन डूडी ने किक मारकर किया शुभारंभ


प्रतियोगिता का शुभारंभ नागौर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष चेतन डूडी ने मैदान में फुटबॉल को किक मारकर किया। इसके बाद उन्होंने उदयपुर और हनुमानगढ़ के बीच खेले गए मुकाबले का टॉस कराया। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें अनुशासन एवं खेल भावना के साथ मैदान में बेहतर प्रदर्शन करने का संदेश दिया।


अध्यक्ष चेतन डूडी ने कहा कि फरड़ोद जैसे ग्रामीण क्षेत्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। ऐसी प्रतियोगिताओं से प्रदेशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि नागौर जिला फुटबॉल संघ का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इस मौके पर नागौर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष चेतन डूडी ने निजी स्कूल शिक्षा परिवार के डीडवाना – कुचामन जिलाध्यक्ष नील कमल शर्मा का सम्मान भी किया।


प्रदेश सचिव दिलीप सिंह शेखावत बोले—ऐसे आयोजन तैयार करते हैं भविष्य के खिलाड़ी


राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश सचिव दिलीप सिंह शेखावत ने कहा कि जूनियर स्तर की प्रतियोगिताएं प्रदेश में फुटबॉल की नई प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा और इससे उनका अनुभव बढ़ेगा। उन्होंने आयोजन के लिए नागौर जिला फुटबॉल संघ और फरड़ोद की आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।


NRI भामाशाहों ने दिया सहयोग


आयोजन में सहयोग कर रहे NRI भामाशाह हनुमान फरड़ोदा और भामाशाह शैतान राम का भी स्वागत किया गया। हनुमान फरड़ोदा ने कहा कि खेलों के आयोजन में सहयोग करना क्षेत्र के युवाओं के भविष्य में निवेश करने जैसा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज के लोगों और भामाशाहों को आगे आना चाहिए।


भामाशाह शैतान राम ने भी प्रतियोगिता के आयोजन में हरसंभव सहयोग की बात कही और कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलने से क्षेत्र में खेलों के प्रति रुचि और बढ़ेगी।


आयोजन समिति की कमान रेफरी मनोज जाट के हाथों में


प्रतियोगिता के सफल संचालन में राजस्थान फुटबॉल संघ के रेफरी मनोज जाट महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति से जुड़े सीताराम, सूर्यप्रकाश और दुलाराम सहित अन्य सदस्य भी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
रेफरी मनोज जाट ने कहा कि प्रतियोगिता को निष्पक्ष, अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना आयोजन समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।


फुटबॉल लीजेंड मास्टर अनवर अली का सम्मान


शुभारंभ समारोह का खास आकर्षण क्षेत्र के फुटबॉल लीजेंड एवं सेवानिवृत्त अध्यापक मास्टर अनवर अली का सम्मान रहा। आयोजन में मौजूद शारीरिक शिक्षकों, संघ पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया तथा फुटबॉल के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।


मास्टर अनवर अली ने कहा कि फरड़ोद में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने समय में फुटबॉल को खेला और इसके बाद भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास जारी रखा। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।


ये रहे मौजूद


शुभारंभ समारोह में राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश सचिव दिलीप सिंह शेखावत, नागौर जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष चेतन डूडी, उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी, जिला सचिव सैयद फरहत अली, संयुक्त सचिव अरफत अली, निजी स्कूल शिक्षा परिवार के डीडवाना – कुचामन जिलाध्यक्ष नील कमल शर्मा ,

प्रधान रिद्धकरण लोमरोड़, NRI भामाशाह हनुमान फरड़ोदा, भामाशाह शैतान राम, रेफरी मनोज जाट, आयोजन समिति के सीताराम, सूर्यप्रकाश, दुलाराम सहित संघ के पदाधिकारी, शारीरिक शिक्षक, राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
10 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 30 जिलों के जूनियर खिलाड़ी मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे।

error: News 1 Rajasthan