डीडवाना – कुचामन जिले के परबतसर विधानसभा क्षेत्र के मीठड़ी में गुरुवार को आयोजित अटल प्रगति पथ सड़क के शिलान्यास समारोह में विकास कार्य से ज्यादा सियासत देखने को मिली। करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा के नेता एक ही मंच पर नजर आए, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही दोनों दलों के समर्थकों के बीच नारेबाजी और मंच पर बैठाने को लेकर विवाद ने माहौल को गर्म कर दिया। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हुई तो पुलिस और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद मंच से भी कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच जमकर राजनीतिक शब्दबाण चले। खास बात यह रही कि विधायक रामनिवास गावड़िया ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की मंत्री डॉ. मंजू बाघमार की मौजूदगी में ही PWD अधिकारियों को नियम-कायदे का हवाला देते हुए चेतावनी दे दी, वहीं मंत्री मंजू बाघमार ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

कार्यक्रम से पहले ही शुरू हो गई सियासी हलचल
मीठड़ी में अटल प्रगति पथ के शिलान्यास समारोह को लेकर राजनीतिक हलचल कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही दिखाई देने लगी थी। परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके कुछ समय बाद प्रदेश सरकार में सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार और पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ समारोह स्थल पर पहुंचे। दोनों पक्षों के नेताओं और समर्थकों के पहुंचने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी का दौर शुरू हो गया।

कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं का एक ही मंच साझा करना भी चर्चा का विषय रहा। हालांकि मंच पर बैठने को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब मीठड़ी के उपसरपंच वीरेंद्र सिंह को मंच पर बैठाने की बात सामने आई। भाजपा समर्थकों और मंचासीन अतिथियों की ओर से इसका विरोध किया गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मंच विवाद के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
विवाद बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से समझाइश की। कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस ने शांत कराया। समारोह में किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और आरएसी के जवान तैनात किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर जिलेभर से पुलिस जाब्ता नजर आया, जिसके चलते पूरा समारोह स्थल कुछ समय के लिए पुलिस छावनी जैसा दिखाई दिया। यही पुलिस व्यवस्था बाद में विधायक रामनिवास गावड़िया के संबोधन का प्रमुख मुद्दा भी बनी।

गावड़िया बोले—शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों से ज्यादा दिखाई दे रहा पुलिस बल
परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया ने अपने संबोधन में पुलिस व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम में आम जनता और लोगों से ज्यादा पुलिस बल की मौजूदगी दिखाई दे रही है। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को नहीं रोका जा सकता और अधिकारियों को जनता का सम्मान करना चाहिए।

गावड़िया ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लेकर भी मंच से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधियों की अपनी संवैधानिक और राजनीतिक भूमिका है और सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के शुभारंभ को लेकर प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि PWD अधिकारी नियम-कायदे के विपरीत काम कर रहे हैं।
मंत्री के सामने PWD अधिकारियों को चेतावनी—’कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे’
विधायक रामनिवास गावड़िया ने PWD मंत्री डॉ. मंजू बाघमार की मौजूदगी में ही अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिस दिन नियम और कानून का डंडा चलेगा, उस दिन मंत्री-संतरी हाथ खड़े कर देंगे। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा—’कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।’

विधायक ने राजनीतिक अंदाज में यह भी कहा कि राज आते-जाते रहते हैं और जब हमारा राज आएगा, तब अधिकारी कहां जाएंगे। उनके इस बयान के बाद समारोह में मौजूद लोगों के बीच भी राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।
विधायक गावड़िया ने मंत्री डॉ. मंजू बाघमार का स्वागत करते हुए क्षेत्र में सड़क विकास की अन्य जरूरतों को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभी कई और सड़कों की आवश्यकता है। उन्होंने बजट घोषणाओं के अलावा इन सड़कों के लिए भी अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाकर निर्माण करवाने की मांग मंत्री के समक्ष रखी।
मंजू बाघमार ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश ने कई संकट देखे और कोरोना जैसे मुश्किल दौर में भी प्रदेश ने परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उस समय सरकार होटलों से चलती रही और आज विपक्ष केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली प्रदेश भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में इतने विकास कार्य किए हैं, जितने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस विकास और जनकल्याण पर है तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
सेवा शिविरों के फॉलोअप को बताया आमजन के लिए फायदेमंद
डॉ. मंजू बाघमार ने हाल ही में आयोजित ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया गया। अब इन शिविरों के फॉलोअप शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जो आमजन के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जाने पर मंत्री ने अधिकारी को मंच पर बुलाकर लगाई फटकार
कार्यक्रम के दौरान एक और घटनाक्रम चर्चा का विषय बना। कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच कार्यक्रम से उठकर चले जाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार नाराज हो गईं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी महेश कुमार यादव को मंच पर बुलाया और व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। मंत्री ने अधिकारी को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए और कार्यक्रम के दौरान विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी एवं व्यवस्थाओं को लेकर गंभीरता बरतने को कहा।
मंत्री के इस रवैये के बाद यह घटनाक्रम भी समारोह में चर्चा का विषय बना रहा।
किनसरिया बोले—पुलिस जाब्ता भाजपा ने नहीं, पुलिस विभाग ने लगाया
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया ने विधायक रामनिवास गावड़िया द्वारा पुलिस व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कुछ हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस जाब्ते की व्यवस्था जिला पुलिस विभाग की ओर से की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुलिस व्यवस्था उनकी ओर से या भाजपा की ओर से नहीं की गई थी।

किनसरिया ने कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय डीडवाना-कुचामन जिले में न तो सड़कों का समुचित विकास हुआ और न ही सरकारी योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन हो पाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है और विकास कार्यों को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण का काम भी वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कराया जा रहा है।
2 करोड़ की लागत से बनेगा अटल प्रगति पथ
राजनीतिक बयानबाजी और विवाद के बीच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क विकास भी रहा। मीठड़ी में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अटल प्रगति पथ का राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने शिलान्यास किया। यह सड़क क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से चली आ रही सड़क सुविधा की मांग से जुड़ी बताई गई है।

गौरतलब है कि डीडवाना-कुचामन जिले के लिए इस वर्ष प्रदेश सरकार की बजट घोषणा में कई अटल प्रगति पथ स्वीकृत किए गए हैं। मीठड़ी में हुआ शिलान्यास इन्हीं बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
बिदियाद में 2 करोड़ के अटल प्रगति पथ का लोकार्पण
राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने अपने दौरे के दौरान बिदियाद ग्राम पंचायत में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अटल प्रगति पथ का लोकार्पण भी किया। इस दौरान विधायक रामनिवास गावड़िया, पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया ,भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश गुर्जर राजश्री खांडल, शूरवीर सिंह, सहित जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद जताई गई।

