मकराना। मंगलाना रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक सनी वाल्मीकि की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती लावारिस गौवंश की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार सनी वाल्मीकि अपने एक परिचित के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहा था। इसी दौरान मंगलाना रोड पर सड़क पर कुछ लावारिस गौवंश आपस में लड़ रहे थे। अचानक एक गौवंश मोटरसाइकिल के सामने आ गया। उससे बचने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान युवक के सीने में कोई नुकीली वस्तु घुस गई, जिससे उसे गंभीर चोट लग गई। हालांकि यह नुकीली वस्तु गौवंश का सींग था या सड़क पर मौजूद कोई धातु की नुकीली वस्तु, इसकी अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल मकराना के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहर और आसपास की सड़कों पर बढ़ती लावारिस गौवंश की समस्या को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सड़कों पर आए दिन गौवंश के झुंड दिखाई देते हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे लावारिस गौवंश को हटाने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए और ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
