मकराना खनन क्षेत्र में कलेक्टर-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों और अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश

मकराना खनन क्षेत्र में कलेक्टर-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों और अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश

मकराना थाने में ली सीएलजी सदस्यों की बैठक


मकराना, डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्टर अवधेश मीणा एवं जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान मंगलवार को मकराना दौरे पर रहे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मकराना के खनन क्षेत्र का निरीक्षण कर खनन गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं नियमों की पालना का जायजा लिया। अधिकारियों ने खदान संचालकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से खनन कार्यों और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।


निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने खनन कार्यों में सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात एवं अन्य कारणों से धंस चुकी उन खदानों का भी निरीक्षण किया, जिनके कारण आम रास्ते खदानों में समाहित हो गए हैं। साथ ही उन रास्तों और खनन क्षेत्रों का जायजा लिया, जहां रास्ते गिरने की कगार पर हैं। कलेक्टर ने खान विभाग के अधिकारियों को ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा एवं सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।


वहीं जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने खनन क्षेत्रों में कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने खनन क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया।


दौरे के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के माध्यम से खनन क्षेत्र की मौजूदा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को लेकर अधिकारियों ने दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मकराना थाने में सीएलजी सदस्यों को बैठक ली गई ।

error: News 1 Rajasthan