डीडवाना पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान, एसपी शिवरान ने क्राइम कंट्रोल के लिए कसी कमान
एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान की अध्यक्षता में आयोजित क्राइम मीटिंग कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश
महिला एवं नाबालिगों के खिलाफ अपराध रोकने पर विशेष जोर
दलित अत्याचार, संगठित अपराध और साइबर अपराध पर सख्ती के निर्देश
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के आदेश
माइनर एक्ट और प्रीवेंटिव एक्शन में अधिकतम कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधिकारियों और जवानों को हर समय अलर्ट व मुस्तैद रहने की हिदायत

डीडवाना-कुचामन जिले में अब अपराधियों के लिए आने वाले दिन आसान नहीं होंगे। पुलिस महकमे में हुए हालिया फेरबदल के बाद जिला पुलिस ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर नई रणनीति तैयार कर ली है। इसी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने एसपी कार्यालय में जिलेभर के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी वृत्ताधिकारी और विभिन्न थानों के थानाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में एसपी ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में जिलेभर में अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। हाईवे पर सघन नाकाबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच, साइबर अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान तथा कानून- व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति भी तय की गई।

डॉ. शिवरान ने कानून-व्यवस्था, दर्ज प्रकरणों और लंबित परिवादों की समीक्षा करते हुए संगठित अपराध, साइबर क्राइम, महिला अपराध, दलित अत्याचार तथा नाबालिगों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण, माइनर एक्ट और प्रीवेंटिव एक्शन के तहत अधिकतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि जिले के सक्रिय अपराधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और हर थाना क्षेत्र में पुलिस की फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए पुलिस हर समय अलर्ट, सक्रिय और मुस्तैद रहे तथा अपराध होने से पहले ही उसे रोकने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
