प्रेम-प्रसंग से नाराज परिजनों ने चलती कार से किया महिला का अपहरण, मकराना पुलिस ने 24 घंटे में छुड़ाकर 6 आरोपियों को दबोचा

डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना थाना पुलिस ने चलती कार से महिला के अपहरण के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए अपहृत महिला को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। पुलिस ने महिला के परिजनों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के प्रेम-प्रसंग के बाद लिव-इन रिलेशनशिप में रहने से नाराज परिजनों ने बदनामी का बदला लेने और सबक सिखाने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में अन्य आरोपियों और वारदात में प्रयुक्त अन्य वाहनों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर भूपेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन विमल सिंह नेहरा तथा वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में मकराना थानाधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

घटना ऐसे हुई

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि नागौर-जयपुर हाईवे पर बरवाला-बुडसू मार्ग के बीच बोलेरो सवार लोगों ने एक स्विफ्ट कार को रोककर उसमें सवार महिला का अपहरण कर लिया। इसके बाद मनोज निवासी जसनगर (सफेद बड़ी) ने रिपोर्ट दी कि वह अपनी पत्नी और भाभी के साथ कुचामन से खरीदारी कर लौट रहा था। शाम करीब 5:30 बजे बरवाला के पास आरोपियों ने उनकी कार के आगे वाहन लगाकर रोक लिया, शीशे तोड़े, मारपीट की और उसकी भाभी को जबरन उठाकर ले गए।
24 घंटे लगातार पीछा कर महिला को सकुशल छुड़ाया
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकाबंदी करवाई, कुचामन रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वारदात में प्रयुक्त वाहनों की पहचान की। जांच के दौरान महिला के परिजनों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस टीम ने लगातार 24 घंटे तक पीछा कर महिला को सकुशल दस्तयाब किया तथा छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो (RJ-21 UB-2436) और कैंपर (RJ-21 GD-8716) को भी जब्त कर लिया।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला परिवार की इच्छा के विरुद्ध राजेश निवासी जसनगर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला के परिजनों ने दो माह पहले नागौर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी, लेकिन महिला ने अपने बयान में राजेश के साथ स्वेच्छा से रहने की बात कही थी। इससे नाराज परिजनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चलती कार को रोककर महिला का अपहरण कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने चेतनदास, सुप्यार देवी, अब्दुल रहमान, जमील, रमेश और राजू को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

टीम वर्क से मिली कामयाबी – थानाधिकारी पंकज कुमार

मकराना थानाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार फील्ड ऑपरेशन के आधार पर महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पंकज कुमार ने किया। टीम में उप निरीक्षक बलवीर खान, सहायक उप निरीक्षक प्रेमाराम, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल नीरज कुमार, सुखदेव, केशाराम, रामेश्वरलाल, कालूराम और महिला कांस्टेबल रेखा शामिल रहे। पूरी कार्रवाई में टीम का सामूहिक योगदान रहा।

error: News 1 Rajasthan