ANTF की बड़ी कार्रवाई: 27.330 किलो डोडा पोस्त और ट्रेलर जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार; लाडनूं पुलिस ने निभाई सहयोगी भूमिका


डीडवाना-कुचामन। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को एएनटीएफ नागौर और लाडनूं पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 27 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त ट्रेलर (RJ-19-GG-2278) भी जब्त किया गया।
एएनटीएफ नागौर को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर बाहरी प्रदेश से अवैध डोडा पोस्त लेकर क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना के बाद एएनटीएफ टीम लगातार ट्रेलर और उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। जब ट्रेलर लाडनूं क्षेत्र के होटल समराथल, आसोटा के पास रुका, तब टीम ने सूचना की पुष्टि की और तत्काल स्थानीय लाडनूं पुलिस को मौके पर बुलाकर संयुक्त कार्रवाई की।


एएनटीएफ और लाडनूं पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो ट्रेलर के केबिन में एक व्यक्ति बैठा मिला। पुलिस को देखकर वह घबरा गया। ट्रेलर की तलाशी लेने पर केबिन की डिग्गी से तीन प्लास्टिक के बैग बरामद हुए, जिनमें 27 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा पोस्त मिला। इसके बाद नियमानुसार मादक पदार्थ और ट्रेलर को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश विश्नोई (43) पुत्र स्वर्गीय चौखाराम विश्नोई, निवासी रामड़ाबास कला, थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। मामले में लाडनूं थाने में प्रकरण संख्या 98/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गहन जांच कर रही है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह (आरपीएस) तथा वृताधिकारी जितेन्द्र चारण (आरपीएस) के सुपरविजन में संपन्न हुई।
एएनटीएफ नागौर प्रभारी निरीक्षक इमरान खान ने बताया कि बाहरी प्रदेश से मादक पदार्थ की खेप आने की सूचना मिलने के बाद टीम लगातार निगरानी कर रही थी। सूचना की पुष्टि होते ही स्थानीय लाडनूं पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
कार्रवाई में लाडनूं पुलिस की ओर से थानाधिकारी शिम्भुदयाल, उपनिरीक्षक नवाब खां, हेड कांस्टेबल गोपालराम, हेड कांस्टेबल भजनलाल, कांस्टेबल गिरधारी, कांस्टेबल सीताराम और कांस्टेबल किरण सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

error: News 1 Rajasthan