शहीद अग्निवीर खेमाराम कुमावत के परिजनों को SBI ने सौंपा ₹1.50 करोड़ का बीमा दावा चेक
विमान हादसे में शहीद हुए अग्निवीर खेमाराम के परिवार को मिली SBI की और से बीमा राशि
SBI के डिफेंस सैलरी पैकेज के तहत प्रदान किया गया ₹1.50 करोड़ का एयर एक्सीडेंटल इंश्योरेंस क्लेम
शहीद के पिता रामदेव कुमावत और माता सोहनी देवी को सौंपा गया चेक
बैंक अधिकारियों ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को किया नमन, परिजनों के प्रति जताई संवेदनाएं
डीडवाना – कुचामन , असम के जोरहाट एयरबेस पर हुए विमान हादसे में शहीद हुए डीडवाना-कुचामन जिले के पांचोता गांव निवासी अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत के परिजनों को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से ₹1.50 करोड़ की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया।
नावां स्थित SBI शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद के पिता रामदेव कुमावत एवं माता सोहनी देवी को यह चेक सौंपा गया। इस अवसर पर SBI के क्षेत्रीय प्रबंधक अभिजीत झा, मुख्य प्रबंधक आशोक कुमार मीणा तथा शाखा प्रबंधक पृथ्वीपाल सिंह शेखावत उपस्थित रहे।

बैंक अधिकारियों ने शहीद अग्निवीर खेमाराम कुमावत के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा कहा कि देश की रक्षा में दिए गए उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखा जाएगा।
डिफेंस सैलरी पैकेज के तहत मिला बीमा लाभ
नावां SBI शाखा प्रबंधक पृथ्वीपाल सिंह शेखावत ने बताया कि शहीद खेमाराम कुमावत का वेतन खाता SBI के डिफेंस सैलरी पैकेज (DSP) के अंतर्गत संचालित था। खेमाराम की मृत्यु भारतीय वायुसेना के विमान हादसे में होने के कारण उन्हें एयर एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर के तहत ₹1.50 करोड़ की बीमा दावा राशि स्वीकृत की गई है। SBI के डिफेंस सैलरी पैकेज में अग्निवीरों के लिए एयर एक्सीडेंटल डेथ कवर ₹1.50 करोड़ तक उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि SBI अपने यहां सैलरी मेंटेन करने वाले रक्षा बलों, अर्धसैनिक बलों तथा विभिन्न सरकारी विभागों के कार्मिकों को विशेष सैलरी पैकेज उपलब्ध कराता है। इन पैकेजों के अंतर्गत दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु, स्थायी विकलांगता तथा अन्य परिस्थितियों में अलग-अलग प्रकार के बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा लाभ प्रदान किए जाते हैं। विभिन्न विभागों एवं सेवाओं के अनुसार इन पैकेजों की सुविधाएं और बीमा कवर अलग-अलग निर्धारित होते हैं।
SBI डिफेंस सैलरी पैकेज की प्रमुख सुविधाएं
शाखा प्रबंधक ने बताया कि डिफेंस सैलरी पैकेज के तहत पात्र कार्मिकों को शून्य बैलेंस खाता, निःशुल्क एटीएम लेनदेन, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, एयर एक्सीडेंटल बीमा, स्थायी दिव्यांगता कवर, लॉकर किराये में छूट सहित कई विशेष बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अग्निवीरों के लिए विशेष प्रावधान भी किए गए हैं ताकि सेवा के दौरान किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

शाखा प्रबंधक पृथ्वीपाल सिंह शेखावत ने कहा कि SBI का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि देश की सेवा में लगे जवानों और उनके परिवारों को सुरक्षा एवं आर्थिक संबल उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि शहीद खेमाराम कुमावत का बलिदान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है और बैंक परिवार उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
