कुचामन सिटी में मातृ दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल परिवार एवं वीरा धरा की ओर से “मा तुझे प्रणाम” कार्यक्रम के तहत जन्मदायिनी माताओं के सम्मान में भावनात्मक समारोह आयोजित किया गया। “सबकी सेवा, सबको प्यार, जीवो और जीने दो” के सेवा भाव को समर्पित इस आयोजन में समाज की प्रेरणास्रोत माताओं का तिलक, माला, साफा एवं मुंह मीठा कराकर अभिनंदन किया गया।

समारोह में 87 वर्षीय माँ कमला गौड़, 81 वर्षीय माँ कमला देवी एवं 73 वर्षीय माँ वीर कोर बिडसर का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उस समय भावुक हो उठा जब उपस्थित लोगों ने माताओं के त्याग, संस्कार और सेवा भावना को नमन करते हुए तालियों से उनका स्वागत किया।

माँ कमला गौड़ आज भी 55 सदस्यों के संयुक्त गौड़ परिवार को प्रेम, अनुशासन और संस्कारों के सूत्र में बांधे हुए हैं। उनके सानिध्य में परिवार के सभी सदस्य एकजुट होकर समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। वहीं माँ कमला देवी ने साधारण पारिवारिक परिस्थितियों में रहते हुए अपनी पांचों संतानों को शिक्षा, संस्कार और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

ग्रामीण क्षेत्र में महिला एवं बाल शिक्षा को नई दिशा देने वाली माँ वीर कोर बिडसर ने अध्यापक और प्रधानाचार्य रहते हुए शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने सदैव यह संदेश दिया कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की पहचान है।
इस अवसर पर वीर सुभाष पहाड़िया ने कहा कि “मां केवल परिवार की आधारशिला नहीं होती, बल्कि वही समाज के संस्कारों की पहली पाठशाला होती है। आज के दौर में माताओं के सम्मान और उनके अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। जिन घरों में मां का आशीर्वाद और संस्कार होते हैं, वहां सदैव प्रेम, समृद्धि और सकारात्मकता बनी रहती है।”

मशहूर ज्योतिषाचार्य एवं वैद्य श्याम स्वरूप गौड़ ने मातृ दिवस के मौके पर कहा कि “भारतीय संस्कृति में मां को देवी का स्वरूप माना गया है। ग्रहों की दशा बदल सकती है, समय बदल सकता है, लेकिन मां की ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होती है। जिस व्यक्ति के जीवन में मां की सेवा और सम्मान होता है, उसके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सुख और सफलता का मार्ग स्वतः प्रशस्त होता है।”
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में भी परिवारों को अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़े रहना चाहिए, क्योंकि मां ही वह शक्ति है जो परिवार को एकता, संयम और प्रेम के सूत्र में बांधकर रखती है।

कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल वीरा की अध्यक्षा वीरा सरोज पाटनी, वीरा सचिव शारदा वर्मा, वीरा कविता अग्रवाल, वीरा सुनीता गगवाल, वीरा कल्पना, वीरा मनीषा पहाड़िया, वीरा राखी बड़जात्या, वीरा सीता, वीर अशोक गगवाल (अध्यक्ष), वीर रामावतार गोयल, वीर सचिव अजीत पहाड़िया, वीर कैलाशचंद पांड्या, वीर सुरेश जैन, वीरा बबीता, वीर अशोक अजमेरा, वीर सम्पत बगड़िया, वीर दिनेश लाडना, वीर नंदकिशोर बिडसर, वीर रतनलाल मेघवाल एवं वीर सोहनलाल वर्मा सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।
