मारोठ में बढ़ती वारदातों से लोगों में डर, कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगाने की उठी मांग


कुचामन वृत्त के मारोठ कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों और सार्वजनिक स्थानों पर हो रही संदिग्ध गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने कस्बे के मुख्य बाजारों, चौराहों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई है, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से कस्बे में रात के दौरान चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की घटनाएं बढ़ी हैं। पर्याप्त निगरानी व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिस को भी कई मामलों में आरोपियों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। लोगों का मानना है कि यदि प्रमुख स्थानों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तो अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और वारदातों में कमी आएगी।
व्यापारियों ने बताया कि कई दुकानों और घरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अनैतिक गतिविधियों से भी लोग परेशान हैं।


क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से जल्द प्रभावी कदम उठाते हुए कस्बे में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था स्थापित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इससे न केवल अपराधों की रोकथाम होगी, बल्कि कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी और आमजन को राहत मिलेगी।

error: News 1 Rajasthan