नावां शहर में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, संस्था प्रधानों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। मंत्री चौधरी ने महासुख बियानी राजकीय बालिका सीनियर सेकेंडरी विद्यालय की विभिन्न समस्याओं तथा विद्यालय भवन की छत मरम्मत का कार्य शीघ्र करवाने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार सरकार की प्राथमिकता है और छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

भाजपा नेता एडवोकेट राजेश गुर्जर ने छात्राओं के लिए सर्वसुविधायुक्त छात्रावास निर्माण पर राज्य सरकार और मंत्री महोदय का आभार जताते हुए इसे बालिका शिक्षा के लिए मील का पत्थर बताया।
प्रधानाचार्य एवं छात्रावास प्रभारी सोहनराज बुरड़क ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रावास में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। नावां शहर के किसी भी राजकीय विद्यालय में पढ़ने वाली पात्र छात्राएं यहां रह सकेंगी। छात्रावास में छात्राओं को निशुल्क आवास, भोजन एवं विद्यालय तक आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी, पवन कुमार चौसला, शायरी देवी, एडवोकेट आनंदीलाल कुमावत, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अल्पना अग्रवाल, जिला मंत्री पूजा कुमावत, प्रताप सिंह लूणवा, राधेश्याम माली, साल्ट वेलफेयर सोसाइटी अध्यक्ष दिनेश जांदू, नटवर गौड़, अशोक पारीक अटल, महेश बोहरा, बसंत अग्रवाल, अशोक टेलर, जगदीश छापोला, कुलदीप मिश्रा, उर्मिला टेलर सहित नावा ब्लॉक के सभी संस्था प्रधान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता रामकिशोर बासिता एवं रजनी टेलर ने किया । अंत में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरलाल सिंह कालेर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
