महिला कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया


डीडवाना-कुचामन। महिला कांग्रेस कमेटी डीडवाना-कुचामन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरदारपुरा विधायक अशोक गहलोत का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिले की गरीब बस्तियों में महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई गई।

राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी नैपकिन के उपयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को यह भी बताया गया कि स्वच्छता अपनाकर वे कई प्रकार की बीमारियों से खुद को सुरक्षित रख सकती हैं।


इस संबंध में जानकारी देते हुए महिला कांग्रेस डीडवाना-कुचामन की जिलाध्यक्ष कोमल लाडना ने कहा कि महिला कांग्रेस हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने बताया कि अशोक गहलोत के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य केवल शुभकामनाएं देना नहीं, बल्कि उनके जनकल्याणकारी विचारों को जमीन पर उतारना है।


उन्होंने आगे कहा कि आज भी ग्रामीण और गरीब बस्तियों में कई महिलाएं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं हैं, जिसके कारण वे स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करती हैं। ऐसे में महिला कांग्रेस का यह प्रयास महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।


कोमल लाडना ने यह भी कहा कि संगठन आगे भी इसी तरह के सामाजिक और जनहित के कार्य करता रहेगा, ताकि महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान और जागरूकता के साथ बेहतर जीवन मिल सके। अंत में महिला कांग्रेस की ओर से अशोक गहलोत के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की गई।

error: News 1 Rajasthan