कुचामन के पुराने बस स्टेशन क्षेत्र का होगा कायाकल्प, 1 करोड़ की लागत से बन रही आधुनिक सड़क

कुचामन सिटी में सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को गति देते हुए शहर के कनोई पार्क के पास स्थित पुराने बस स्टेशन क्षेत्र में नई सड़क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लंबे समय से शहरवासियों द्वारा उठाई जा रही मांग अब साकार होती नजर आ रही है, जिससे शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाके की तस्वीर बदलने वाली है।

कुचामन सिटी नगर परिषद की ओर से करवाए जा रहे इस निर्माण कार्य के तहत पुराने बस स्टेशन से जुड़े पूरे परिसर के साथ ही पुराने बस स्टेशन से गोल प्याऊ जाने वाले मार्ग पर सियाराम लॉज तक डिवाइडर के दोनों ओर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही यह सड़क शहर के यातायात को सुगम बनाने के साथ ही क्षेत्र के सौंदर्य को भी बढ़ाएगी। निर्माण कार्य का जिम्मा श्री बालाजी कंस्ट्रक्शन, कुचामन को दिया गया है।

कुचामन नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि यह परियोजना शहर के हृदय स्थल को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से नागरिकों की मांग थी कि पुराने बस स्टेशन क्षेत्र की सड़क को नई और बेहतर बनाया जाए, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे और आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके।

निवर्तमान सभापति ने लिया निर्माण कार्य का जायजा

निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे नगर परिषद के नवनिवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल ने मौके पर अधिकारियों और ठेकेदार से प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद सिखवाल ने कहा कि शहर के विकास के लिए इस तरह के कार्य बेहद जरूरी हैं और परिषद लगातार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। एमएम उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

वहीं, श्री बालाजी कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर छगनलाल कुमावत ने बताया कि सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क मजबूत, टिकाऊ और लंबे समय तक उपयोगी साबित होगी।

error: News 1 Rajasthan