अजमेर से महिला अधिकारों की हुंकार: महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने शुरू किया पोस्ट कार्ड अभियान, बोलीं—“हक मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा”

अजमेर में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित कर महिला अधिकारों को लेकर बड़ा अभियान छेड़ते हुए पोस्ट कार्ड अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक कानून का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समान भागीदारी की आवाज है।


सारिका सिंह ने कहा कि “आज भी देश में महिलाएं अपने बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं। सरकारें बड़े-बड़े दावे करती हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि महिलाओं को बराबरी का हक अब तक पूरी तरह नहीं मिल पाया है। यह पोस्ट कार्ड अभियान हर महिला की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।” उन्होंने आगे कहा कि “जब तक महिलाओं को उनका संवैधानिक हक और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक महिला कांग्रेस का यह संघर्ष रुकने वाला नहीं है।”


सारिका सिंह ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार लगातार महिलाओं के अधिकारों में बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को उनका संवैधानिक हक नहीं मिल जाता, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।


इस मौके पर राजस्थान सरकार में पूर्व राज्य मंत्री एवं आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रभा ठाकुर, अजमेर से विधायक प्रत्याशी रहीं द्रोपदी कोली, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल, देहात जिला अध्यक्ष गीता चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका चौधरी और महासचिव सीमा चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने अभियान को मजबूती देने का संकल्प लेते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों की इस लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

error: News 1 Rajasthan