साल 2023 के बहुचर्चित कोटड़ी भट्टी कांड सुलझाने में अहम भूमिका निभाने वाले ASP विमल सिंह नेहरा सम्मानित, पुलिस स्थापना दिवस पर मिला सम्मान

77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर कुचामन सिटी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विमल सिंह नेहरा को आज अजमेर में रेंज स्तरीय समारोह में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

साल 2023 में भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित “कोटड़ी भट्टी कांड” के समय विमल सिंह नेहरा उस समय तात्कालीन ASP के रूप में तैनात थे। इस जघन्य घटना में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को जलती कोयला भट्टी में डाल दिया गया था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।

घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखना और मामले का शीघ्र खुलासा करना बड़ी चुनौती थी। ऐसे संवेदनशील समय में विमल सिंह नेहरा ने अपनी टीम के साथ प्रभावी कार्रवाई करते हुए केस को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। ASP नेहरा के ही प्रयास रहे कि इस बहुचर्चित मामले में पोक्सो कोर्ट ने मुख्य आरोपी सगे भाइयों कालू कालबेलिया और कान्हा कालबेलिया को फांसी की सजा सुनाई थी।

इस सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए विमल सिंह नेहरा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरी पुलिस टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और पीड़ित को न्याय दिलाना है। नेहरा ने युवाओं से अपील की कि वे कानून का पालन करें और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

error: News 1 Rajasthan