कुचामन की समस्याओं और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सभापति सुरेश सिखवाल की कलेक्टर व एसपी से अहम मुलाकात

कुचामन नगर परिषद के सभापति सुरेश सिखवाल शुक्रवार को डीडवाना दौरे पर रहे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत और जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर से शिष्टाचार भेंट कर कुचामन शहर से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान सभापति सिखवाल ने विशेष रूप से कुचामन शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की आवश्यकता बताई।

सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि कुचामन एक व्यस्त शहर है, जहां बाजार क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि नए साल की शुरुआत के साथ ही कुचामन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुचामन में यातायात पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने की योजना है, ताकि व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

वहीं जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने भी कुचामन शहर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर के विकास और आमजन की सुविधाओं को लेकर गंभीर है और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मुलाकात को कुचामन शहर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभापति सुरेश सिखवाल ने प्रशासन का आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि आने वाले समय में कुचामन की ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य समस्याओं में ठोस सुधार देखने को मिलेगा।

error: News 1 Rajasthan