कुचामन के हर वार्ड में होंगे विकास कार्य, भाजपा के संकल्प पत्र को जल्द पूरा करने की तैयारी; स्टेडियम का निखरेगा स्वरूप
कुचामन सिटी। कुचामन नगर परिषद के सभापति पद का कार्यभार ग्रहण करते ही महेश रामचंद्रका एक्शन मोड में नजर आने लगे हैं। शहर के विकास कार्यों को गति देने के साथ ही उन्होंने राजकीय खेल स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा कराने और स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का संकल्प जताया है। सभापति ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए वादों को जल्द पूरा किया जाएगा और नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाए जाएंगे।

सभापति महेश रामचंद्रका कुचामन के राजकीय खेल स्टेडियम में आयोजित पीटीसीएल (प्रो टेन क्रिकेट लीग) नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। यहां कुचामन प्रशासन और डीएम वॉरियर डीडवाना के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने मंच से शहरवासियों को संबोधित करते हुए विकास कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्य होंगे पूरे
उन्होंने कहा कि शहर के युवाओं में खेलों के प्रति खासा उत्साह है। पीटीसीएल जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। ऐसे में खेल सुविधाओं का विस्तार करना और खिलाड़ियों को बेहतर मैदान उपलब्ध कराना जरूरी है।
रामचंद्रका ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि आने वाले समय में कुचामन का राजकीय खेल स्टेडियम बड़े शहरों में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित खेल स्टेडियमों की तरह नजर आए। इसके लिए उपलब्ध संसाधनों और आवश्यक योजनाओं के माध्यम से निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
आयुक्त बोले, स्टेडियम के विकास की बनेगी डीपीआर
इस दौरान स्टेडियम में।मौजूद रहे नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने भी स्टेडियम के विकास को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजकीय खेल स्टेडियम में जो भी निर्माण कार्य शेष हैं, उनके लिए आने वाले दिनों में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाई जाएगी।

डीपीआर तैयार होने के बाद इसे सरकार को भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक स्वीकृति और बजट के माध्यम से अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराया जा सके। आयुक्त ने कहा कि आगामी दिनों में स्टेडियम का स्वरूप बदला हुआ नजर आएगा और खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
पीटीसीएल आयोजन की सभापति ने की सराहना
सभापति महेश रामचंद्रका ने कुचामन के युवाओं की ओर से आयोजित पीटीसीएल नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जिस तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं और जिस स्तर पर मुकाबले आयोजित हो रहे हैं, वह प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि मैच देखने के दौरान ऐसा महसूस नहीं हुआ कि कुचामन में किसी स्थानीय प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, बल्कि बड़े शहरों में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता जैसा अनुभव हुआ। उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर की पहचान को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सभापति ने कहा कि कुचामन में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की। नगर परिषद की ओर से शहर के विकास के साथ खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

हर वार्ड में विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
सभापति ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाए जाएंगे। भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल वादों को पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद बोर्ड शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करेगा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद स्टेडियम के विकास और वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर सभापति की सक्रियता से शहरवासियों को विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
