130 कांवड़ियों ने गंगाजल से किया भगवान शिव का जलाभिषेक, श्याम सुंदर मंत्री ने दिलाया कैलाश मानसरोवर को चीन के अधिपत्य से मुक्त कराने का संकल्प
कुचामन सिटी। भारत तिब्बत सहयोग मंच की डीडवाना-कुचामन जिला इकाई की ओर से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर मंत्री के सानिध्य एवं बाबूलाल मांधनिया के संयोजकत्व में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सामाजिक कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और मातृशक्ति सहित करीब 130 लोगों ने भाग लिया। कांवड़ियों ने गायत्री मंदिर से कलशों में गंगाजल भरकर कांवड़ सजाई और डीडवाना रोड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

कांवड़ यात्रा से पहले गायत्री मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद हर-हर महादेव के जयघोष, डीजे पर गूंजती भक्ति धुनों और नृत्य के साथ यात्रा रवाना हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
भव्य कांवड़ यात्रा का लॉयन सर्कल पर लॉयन्स क्लब की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके अलावा नगर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। यात्रा के दौरान हर मोड़ पर भक्ति, सेवा और सौहार्द का माहौल नजर आया।
गंगाजल से हुआ भगवान शिव का जलाभिषेक
नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचने के बाद सभी कांवड़ियों ने गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद सामूहिक आरती का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए।

श्याम सुंदर मंत्री ने दिलाया कैलाश मानसरोवर को लेकर संकल्प
कार्यक्रम के दौरान भारत तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं समाजसेवी श्याम सुंदर मंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को कैलाश मानसरोवर को चीन के अधिपत्य से मुक्त कराने के लिए भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रयासों में सहयोग करने का संकल्प दिलाया।
श्याम सुंदर मंत्री ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में शांति, सेवा, नैतिकता और सामाजिक चेतना का संदेश पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं की ओर से सेवा, नैतिकता और संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने का प्रयास प्रशंसनीय है। यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, एकता और सेवा भाव का प्रतीक बन गई है।

उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकजुटता में है और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए।
संयोजक बाबूलाल मांधनिया ने बताया आयोजन का उद्देश्य
कांवड़ यात्रा के संयोजक बाबूलाल मांधनिया ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सेवा, सकारात्मक सोच और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा में लोगों की आस्था, ऊर्जा और सामाजिक एकता देखने लायक रही।

गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के मुरलीधर अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन से समाज में एकता, भक्ति और सहयोग की भावना मजबूत हुई है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है।
महिलाओं की भी रही उल्लेखनीय भागीदारी
कांवड़ यात्रा में मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। महिलाओं ने पूरे आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के मुरलीधर अग्रवाल, जितेंद्र सिंह राजपुरोहित, सत्यनारायण अग्रवाल, लायन्स क्लब कुचामन सिटी के अध्यक्ष डॉ. वी.के. गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनीष बंसल, लायन शुभम अग्रवाल, लायन सुरेश जांगिड़ सहित क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा लायन हेमराज पारीक, विकास कुमावत, राजू मोर, विनोद मोर, गायत्री परिवार के सदस्यों सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग किया।

सेवा और संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं ने भारत तिब्बत सहयोग मंच के मार्गदर्शक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार द्वारा बताए गए नैतिकता, राष्ट्रवाद और समाज सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
