सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमा मंडन पड़ा भारी: कुचामन में 3 युवक गिरफ्तार, पुलिस की सख्त चेतावनी

डीडवाना- कुचामन जिले की कुचामन सिटी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराधियों को फॉलो करने और उनके कृत्यों का महिमा मंडन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार युवकों से गहन पूछताछ कर रही है। यदि जांच में इनका अपराधियों से किसी प्रकार का गठजोड़ सामने आता है तो इनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (IPS) के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

क्या है मामला

कुचामन सिटी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी के दौरान ऐसे लोगों की पहचान की जो अपराधियों को फॉलो कर रहे थे और उनके आपराधिक कृत्यों का महिमामंडन कर रहे थे। विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

किशन पुत्र रामेश्वर लाल, उम्र 27 वर्ष, निवासी कुचामन सिटी।

जितेन्द्र कुमावत पुत्र हरदेवाराम, निवासी बुगालिया बास, कुचामन सिटी।

पवन सिंह पुत्र अशोक कुमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी मण्डावरा, थाना कुचामन सिटी।

जानकारी देते हुए कुचामन सिटी थानाधिकारी राजेन्द्र खदाव ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अपराधियों की छवि को बढ़ावा देना या उनका महिमामंडन करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर अपराधियों के फॉलोवर्स, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, साइबर अपराध तथा अवैध खनन से जुड़े तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अपराधियों का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

error: News 1 Rajasthan