नीट यूजी-2025 में कुचामन के टैगोर स्कूल के छात्र, अनंत पारीक ने हासिल की शानदार कामयाबी, पाई ऑल इंडिया EWS रैंक 253


कुचामन सिटी। शिक्षा नगरी कुचामन सिटी के प्रतिष्ठित टैगोर उच्च माध्यमिक विद्यालय के होनहार छात्र अनंत पारीक ने नीट यूजी-2025 में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गुरुवार रात घोषित परिणाम में अनंत ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2840 तथा ऑल इंडिया ईडब्ल्यूएस (EWS) रैंक 253 प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की।


अनंत पारीक, निवाई (जिला टोंक) निवासी सागर पारीक एवं इंदिरा पारीक के पुत्र हैं। वे कुचामन सिटी निवासी मधुसूदन पारीक के दोहिता तथा वरिष्ठ पत्रकार हेमराज पारीक एवं चेतन पारीक के भांजे हैं। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।


विद्यालय में हुआ सम्मान


नीट परिणाम घोषित होने के बाद टैगोर स्कूल परिसर में अनंत पारीक का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान टैगोर एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन पूर्णसिंह रणवां, टैगोर कोचिंग सेंटर के प्रबंध निदेशक सुल्तान सिंह कल्याणपुरा, जगदीश कुलहरी, ट्राइडेंट कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक सागर चौधरी, शायर सोऊ, गजेन्द्र सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंध मंडल के सदस्यों ने साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


टैगोर एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन पूर्णसिंह रणवां के मार्गदर्शन को दिया श्रेय

अनंत पारीक ने अपनी सफलता का श्रेय टैगोर एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन पूर्णसिंह रणवां के मार्गदर्शन, दादा मोहनलाल पारीक, नाना मधुसूदन पारीक, ताऊजी नरेश पारीक के आशीर्वाद तथा माता-पिता और पूरे परिवार के निरंतर सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा, की नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित पढ़ाई, अनुशासन, सही रणनीति, निरंतर अभ्यास और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। मैं अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, शिक्षकों और टैगोर स्कूल को देता हूं। मेरा लक्ष्य एक अच्छा डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।


पहले भी किया था शानदार प्रदर्शन


उल्लेखनीय है कि अनंत पारीक ने टैगोर उच्च माध्यमिक विद्यालय से कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। अब नीट यूजी-2025 में उत्कृष्ट रैंक हासिल कर उन्होंने न केवल अपने परिवार और विद्यालय, बल्कि शिक्षा नगरी कुचामन सिटी का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

error: News 1 Rajasthan