सुनील चौधरी ने संभाला मकराना नगर परिषद आयुक्त का कार्यभार, बोले— पारदर्शिता और जनहित होंगे सर्वोच्च प्राथमिकता


मकराना। मकराना नगर परिषद के नवनियुक्त आयुक्त सुनील चौधरी ने पदभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर परिषद के विकास कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। इससे पूर्व वे जिले के मकराना, कुचामन सिटी और डीडवाना सहित विभिन्न नगरीय निकायों में अधिशासी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। निकाय प्रशासन का लंबा अनुभव होने के कारण उनसे मकराना के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त सुनील चौधरी ने कहा कि नगर परिषद की सभी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में जवाबदेही और जनहित से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। इसके साथ ही पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएंगे, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
आयुक्त चौधरी ने यह भी कहा कि नगर परिषद कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने का प्रयास किया जाएगा तथा जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा।


उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से मकराना शहर के समग्र विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

error: News 1 Rajasthan