डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी में खुफिया एजेंसियों की सूचना पर डीएसटी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और देह व्यापार नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। नारायणपुरा तिराहे स्थित होटल ब्लू डायमंड पर रविवार देर रात दी गई दबिश में तीन बांग्लादेशी महिलाओं, एक बिहार निवासी युवती, होटल संचालक तथा देह व्यापार में संलिप्त तीन अन्य युवकों सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई केवल स्थानीय स्तर की नहीं मानी जा रही, बल्कि शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों ने दिल्ली से संचालित एक ऐसे नेटवर्क की ओर इशारा किया है, जो कथित रूप से बांग्लादेशी महिलाओं को भारत लाकर उनकी पहचान बदलने के बाद राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में देह व्यापार के लिए भेजता था।

डेगाना रेड से खुली कुचामन तक की कड़ी
सूत्रों के अनुसार हाल ही में नागौर डीएसटी ने खुफिया एजेंसियों की सूचना पर डेगाना क्षेत्र के एक होटल में छापा मारा था। वहां पकड़ी गई युवतियों में एक बांग्लादेशी महिला भी मिली थी। उससे पूछताछ के दौरान कुचामन सिटी में भी इसी नेटवर्क के सक्रिय होने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसी इनपुट पर खुफिया एजेंसियों ने निगरानी बढ़ाई और रविवार रात नागौर डीएसटी तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल ब्लू डायमंड पर दबिश दी। पुलिस को मौके से तीन बांग्लादेशी महिलाओं के साथ बिहार निवासी एक युवती मिली, जिन्हें कथित रूप से दिल्ली से सीकर और जयपुर के रास्ते कुचामन लाया गया था।
सात घंटे चली कार्रवाई, पूरे दिन गोपनीय रखी गई जांच
कार्रवाई के बाद पुलिस, डीएसटी और खुफिया एजेंसियों की टीम करीब सात घंटे तक होटल में मौजूद रही। मौके से मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, विदेशी दस्तावेज सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। सोमवार को पूरे दिन कार्रवाई की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और जांच प्रभावित न हो, इसलिए पूरे मामले को मीडिया से गोपनीय रखा गया।

दिल्ली से संचालित नेटवर्क पर जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित रूप से बांग्लादेशी महिलाओं को पहले अवैध रूप से भारत लाकर दिल्ली पहुंचाया जाता था। वहां उनकी पहचान बदलने के बाद उन्हें राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सक्रिय गिरोहों के माध्यम से देह व्यापार में लगाया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की विभिन्न राज्यों में फैली कड़ियों की जांच कर रही है।
डेगाना और कुचामन में बांग्लादेशी महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद नागौर के अलावा उदयपुर सहित अन्य जिलों में भी ऐसे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन बांग्लादेशी महिलाओं, एक बिहार निवासी युवती, होटल संचालक तथा कथित रूप से देह व्यापार में संलिप्त मुकेश सोनी पुत्र प्रकाशचंद सोनी, उम्र 32 वर्ष, निवासी पांचवा।
श्रवण कुमार उर्फ सोनू पुत्र भानाराम जाट, उम्र 26 वर्ष, निवासी आस की ढाणी, बिडियासर, डीडवाना।
मुकेश कुमार पुत्र सूरजमल कुमावत, उम्र 38 वर्ष, निवासी भोपा का बास, कुचामन सिटी।
रविन्द्र कुमार ग्वाला पुत्र श्योराम यादव, उम्र 44 वर्ष, निवासी कालची पल्टन, वार्ड संख्या 29, पुलिस थाना पांचबत्ती, टोंक। को गिरफ्तार किया है।

एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने ये कहा
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में बाहरी महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद दबिश दी गई, जहां से विदेशी महिलाओं सहित अन्य आरोपी मिले और महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विदेशी नागरिकों एवं दस्तावेजों से संबंधित लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच की जा रही है। विदेशी महिलाओं की नागरिकता, भारत में प्रवेश और उनके दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जा रही है तथा संबंधित केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी होटल, लॉज या अन्य परिसर में अवैध गतिविधियां संचालित होने पर संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में यह पाया गया कि किसी संपत्ति का उपयोग लगातार अवैध गतिविधियों के लिए किया गया है या वह ऐसी गतिविधियों से अर्जित आय से निर्मित है, तो कानून के प्रावधानों के अनुसार न्यायालय के माध्यम से उसे अटैच कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, देह व्यापार या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
