डीडवाना-कुचामन। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को पंजाब के फरीदकोट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसकी तलाश के लिए कुचामन सिटी थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर उसे दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा तथा वृत्ताधिकारी गरिमा चौधरी के सुपरविजन में थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया है। रिपोर्ट के आधार पर 30 जून 2026 को कुचामन सिटी थाने में मुकदमा संख्या 210/2026 धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने पंजाब के फरीदकोट पहुंचकर आरोपी सागर शर्मा (20) को डिटेन किया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से मामले में गहन पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर शर्मा पुत्र निर्मल शर्मा, निवासी कोटकपुरा, जिला फरीदकोट (पंजाब), हाल निवासी वृंदावन कॉलोनी, पलाड़ा रोड, कुचामन सिटी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में जिला पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के बाद आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अनुसंधान जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महावीर प्रसाद मीणा, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल छोटूराम, कांस्टेबल देवी लाल तथा कांस्टेबल लाल सिंह शामिल रहे।
