अंतर्राज्यीय कड़िया सांसी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, कुचामन में स्कूटी की डिग्गी से ₹2.50 लाख उड़ाएं थे। कुचामन पुलिस की बड़ी कामयाबी

कुचामन सिटी। डीडवाना-कुचामन  जिले की कुचामन सिटी थाना पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी से ₹2.50 लाख की नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय कड़िया सांसी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सांसी और रितिक उर्फ काला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर जिला कारागृह जयपुर से गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा तथा वृत्ताधिकारी गरिमा चौधरी के सुपरविजन में थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

प्रकरण के अनुसार, 21 जून 2026 को महलों की ढाणी काकोट निवासी राजूराम पुत्र गंगाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 जून को उसने बैंक ऑफ इंडिया से ₹2.50 लाख निकाले थे। खारिया रोड स्थित एक किराना दुकान के बाहर स्कूटी खड़ी कर सामान लेने गया। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए दो बदमाश स्कूटी की डिग्गी से नकदी चोरी कर फरार हो गए। इस संबंध में थाना कुचामन सिटी में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ऐसे पहुंचे आरोपी तक

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की। जांच में सामने आया कि कुचामन की वारदात के बाद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ शाहपुरा क्षेत्र में खड़ी कार का शीशा तोड़कर ₹1.10 लाख की चोरी भी की थी। शाहपुरा पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में कुचामन पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में अनुसंधान जारी है।

कई राज्यों में वारदात करने वाला गैंग

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय कड़िया सांसी गैंग के सदस्य हैं। यह गैंग दिनदहाड़े स्कूटी ,मोटरसाइकिल  और कार की डिग्गी तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी करने, कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने तथा विवाह समारोहों में जेवर और नकदी चुराने जैसी वारदातों को अंजाम देता है। आरोपी बेहद शातिर तरीके से कुछ ही मिनटों में वारदात कर फरार हो जाते हैं। प्रारंभिक जांच में इनके राजस्थान के राजगढ़, नागौर, सरदारशहर सहित हरियाणा में भी कई वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपी

सुमित सांसी पुत्र प्रहलाद सांसी (22 वर्ष), निवासी लक्ष्मीपुरा, थाना छबड़ा, जिला बारां।

रितिक उर्फ काला पुत्र महेश (21 वर्ष), निवासी कड़िया सांसी, थाना बोडा, जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश)।

इस पुलिस टीम  की रही भूमिका 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा के साथ हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल हेमराज, कांस्टेबल बजरंग लाल और कांस्टेबल लाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूछताछ में कई वारदातों के खुलासे की उम्मीद – थानाधिकारी महावीर प्रसाद मीणा 

थानाधिकारी महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय कड़िया सांसी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे होने की भी संभावना है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि बैंक से बड़ी राशि निकालने के बाद उसे वाहन की डिग्गी में छोड़कर न जाएं तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा – एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान 

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और संगठित अपराधों में शामिल बदमाशों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आमजन की मेहनत की कमाई पर हाथ डालने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतर्राज्यीय गिरोहों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

error: News 1 Rajasthan