डीडवाना। डीडवाना शहर के आडका बास क्षेत्र में गुरुवार अल सुबह हुई बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने जल्द खुलासे की उम्मीद जताई और कहा कि पुलिस को जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग और सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इन्हीं के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे ।

जानकारी के अनुसार, आडका बास निवासी बुजुर्ग महिला राधा देवी गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच खेत से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को डरा-धमकाकर उनके गले से सोने का मांदलिया झपट लिया। झपट्टे के दौरान मांदलिया का आधा हिस्सा टूटकर मौके पर ही गिर गया।

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने महिला को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अल सुबह हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई तथा मामले की जांच के लिए पांच विशेष टीमें गठित कीं। साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है।

एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इन्हीं फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करेगी।
अलसुबह हुई इस लूट की वारदात से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
