एम. डी. चोपदार ने जारी की नई कार्यकारिणी, महेंद्र चौधरी ने दोनों नेताओं को दी बधाई

कुचामन सिटी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) द्वारा संगठन विस्तार के तहत जारी नई कार्यकारिणी में कुचामन सिटी के दो कांग्रेस नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष एम. डी. चोपदार द्वारा जारी आदेश में याकूब अली भाटी (कुरैशी) को डीडवाना-कुचामन जिले का जिला उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सलीम भाटी को कुचामन ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दोनों नेताओं की नियुक्ति के बाद कुचामन क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने वाला निर्णय बताया है।

नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष याकूब अली भाटी (कुरैशी) ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम. डी. चोपदार, पूर्व विधायक एवं पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी तथा कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को मजबूती से जन-जन तक पहुंचाने तथा अल्पसंख्यक समाज की आवाज को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेंगे।

वहीं नवनियुक्त कुचामन ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद सलीम भाटी ने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष एम. डी. चोपदार, महेंद्र चौधरी एवं कांग्रेस संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे ब्लॉक स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत और निष्ठा से कार्य करेंगे।

पूर्व विधायक एवं पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा समर्पित, सक्रिय और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि याकूब अली भाटी और मोहम्मद सलीम भाटी लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित रहे हैं तथा उनकी नियुक्ति से अल्पसंख्यक विभाग को नई मजबूती मिलेगी। चौधरी ने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नई नियुक्तियों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
