टेंट व्यवसायियों की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, टोल में राहत और आई-कार्ड बनाने की मांग उठी

टेंट व्यवसायियों की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, टोल में राहत और आई-कार्ड बनाने की मांग उठी

कुचामन में सदस्यता अभियान बैठक आयोजित, व्यापारिक हितों की सुरक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान

कुचामन सिटी। टेंट व्यवसायियों के हितों की सुरक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा तहसील स्तर पर अधिक से अधिक व्यवसायियों को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से टेंट डीलर्स एसोसियेशन, कुचामन तहसील की सदस्यता अभियान बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुचामन तहसील के विभिन्न क्षेत्रों से आए टेंट, पंडाल, लाइट एवं संबंधित व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती और व्यापार से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।


बैठक की शुरुआत प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद खंडेलवाल ने संगठन के पूर्व संरक्षक स्वर्गीय नाथूराम कड़वा के संगठन के प्रति समर्पण और योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नाथूराम कड़वा ने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसे आगे बढ़ाना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।

बैठक की अध्यक्षता कुचामन एसोसियेशन के अध्यक्ष राम सिंह ने की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही व्यवसायियों की सबसे बड़ी ताकत है। यदि सभी टेंट व्यवसायी एक मंच पर संगठित रहेंगे तो उनकी समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।
राष्ट्रीय सचिव राजा बाबू ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में टेंट व्यवसाय से जुड़े सभी साथियों का एकजुट होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत संगठन ही व्यवसायियों के अधिकारों की रक्षा कर सकता है तथा व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सभी व्यवसायियों से सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।


संगठन में डीडवाना – कुचामन जिलाध्यक्ष साजिद कुरैशी ने कहा कि टेंट व्यवसाय आज हजारों लोगों के रोजगार का आधार है, लेकिन इस क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों को कई तरह की व्यावहारिक और प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यवसायी की आवाज को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने सभी व्यवसायियों से संगठित होकर अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की
अपील की।

टेंट वाहनों को टोल में राहत देने की मांग

बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। व्यवसायियों ने मांग की कि टेंट व्यवसाय में उपयोग होने वाले वाहनों को टोल टैक्स में राहत दी जाए अथवा विशेष श्रेणी में शामिल कर छूट प्रदान की जाए। वक्ताओं ने कहा कि टेंट व्यवसाय के दौरान वाहनों का लगातार आवागमन होता है, जिससे टोल शुल्क का अतिरिक्त आर्थिक भार व्यवसायियों पर पड़ता है। इस संबंध में राज्य सरकार को ज्ञापन भेजने का भी निर्णय लिया गया।

सभी टेंट व्यवसायियों के आई-कार्ड बनाने का प्रस्ताव

बैठक में संगठन के प्रत्येक सदस्य का पहचान पत्र (आई-कार्ड) बनाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि आई-कार्ड बनने से व्यवसायियों की पहचान सुनिश्चित होगी तथा प्रशासनिक और अन्य स्तरों पर उन्हें कई प्रकार की सुविधाएं प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही संगठन के सदस्यों का एक व्यवस्थित डाटा भी तैयार किया जाएगा।

गांव-गांव चलाया जाएगा सदस्यता अभियान

बैठक में निर्णय लिया गया कि कुचामन तहसील के प्रत्येक गांव और कस्बे में संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक टेंट व्यवसायियों को एसोसियेशन से जोड़ा जाएगा। साथ ही संगठन की गतिविधियों को गांव स्तर तक पहुंचाने तथा व्यवसायियों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और भाईचारे को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

सक्रिय एवं वरिष्ठ सदस्यों का किया सम्मान

बैठक के दौरान टेंट डीलर्स एसोसियेशन की ओर से संगठन के सक्रिय एवं वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान भी किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, व्यवसायियों को एकजुट रखने तथा वर्षों से टेंट व्यवसाय के विकास में योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव और सक्रिय सदस्यों की ऊर्जा संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है तथा नए व्यवसायियों को भी संगठन से जुड़ने की प्रेरणा मिल रही है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कहा कि “संगठन हमारी ताकत है और एकता हमारी पहचान है। कुचामन तहसील का प्रत्येक टेंट व्यवसायी जब एक मंच पर आएगा, तभी हमारे व्यापार और सम्मान दोनों को नई मजबूती मिलेगी।”

बैठक में अनुराग शर्मा, खेताराम, हेमराज कुमावत, डॉ. केशाराम कड़वा, रामदेव कुमावत, राजूराम कुमावत, ताराचंद कुमावत, रामनिवास कुमावत, किशनलाल माली, भारत टेंट के किशनलाल कुमावत, किशनलाल खोरवाल, सुखाराम मंडा, संजय तिवाड़ी, शंकर सोनी सहित कुचामन क्षेत्र के टेंट, पंडाल एवं लाइट व्यवसाय से जुड़े बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan