कुचामन सिटी। सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय संस्था Lions Club Kuchaman City की सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। वर्तमान अध्यक्ष बाबूलाल मान्धनियां की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्थानीय लायंस सदस्यों की मौजूदगी में नई टीम की घोषणा की गई, जिसमें क्षेत्र के प्रसिद्ध ENT विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. वी.के. गुप्ता को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संजय रांवका को सचिव तथा मनीष बंसल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन होने पर पूरे लॉयन परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष चुने गए डॉ. वी.के. गुप्ता चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से अपनी विशेष पहचान रखते हैं। पिछले साल ही वे कुचामन के राजकीय जिला चिकित्सालय में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। डॉ. गुप्ता पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से कुचामन क्षेत्र में चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं और ENT विशेषज्ञ के रूप में हजारों मरीजों का उपचार कर चुके हैं।

अपने सरल स्वभाव, सेवाभावी व्यक्तित्व और मिलनसार कार्यशैली के कारण डॉ. गुप्ता क्षेत्र के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। चिकित्सा सेवा के साथ-साथ वे वर्षों से सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। लायंस क्लब से लंबे समय से जुड़े डॉ. गुप्ता समाज हित के कार्यों को हमेशा प्राथमिकता देते आए हैं। जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य शिविरों और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।

बैठक के दौरान वर्तमान अध्यक्ष बाबूलाल मान्धनियां, निवर्तमान पदाधिकारियों और वरिष्ठ लायंस सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि डॉ. वी.के. गुप्ता के नेतृत्व में क्लब सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और मानव कल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी तथा संस्था सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
समस्त लॉयन परिवार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल, गौरवपूर्ण और जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
