महिला आरक्षण को लेकर डीडवाना में कांग्रेस का हमला, देशव्यापी आंदोलन और पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत

डीडवाना में गुरुवार को कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र की भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023) को लेकर भ्रम फैलाने और परिसीमन की आड़ में इसे लागू करने में देरी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे “महिला विरोधी” कदम बताते हुए महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करने की मांग की और इसके विरोध में व्यापक आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की सीकर जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण की आड़ में असंवैधानिक परिसीमन थोपकर दलितों और पिछड़ों के अधिकारों को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस न तो महिलाओं की विरोधी है और न ही महिला आरक्षण की, बल्कि पार्टी हमेशा महिलाओं को साथ लेकर चली है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही देश को पहली महिला प्रधानमंत्री और पहली महिला राष्ट्रपति दी है, साथ ही कई बार महिलाओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का अवसर भी प्रदान किया है। उन्होंने मांग की कि 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को 2029 के चुनावों के बाद नहीं बल्कि तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।

वहीं राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने बताया कि महिला कांग्रेस इस मुद्दे पर देशभर में आंदोलन को तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि आगामी जुलाई में संभावित संसद के मानसून सत्र से पहले भाजपा के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन ,पुतला दहन और विभिन्न अभियान चलाए जाएंगे।

इसी क्रम में डीडवाना-कुचामन से महिला कांग्रेस ने देशव्यापी पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत देशभर की 10 लाख महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड लिखकर महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग करेंगी। सारिका सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं की आवाज है, जो अपने संवैधानिक अधिकार—33 प्रतिशत आरक्षण—के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रही हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक महिला आरक्षण बिल को पूर्ण रूप से लागू नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा और आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस मौके पर डीडवाना-कुचामन कांग्रेस जिलाध्यक्ष जाकिर गैसावत, पूर्व विधायक चेतन डूडी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोमल लाडना, नागौर जिला अध्यक्ष सीमा सोलंकी सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan